हनुमानगढ़ के भादरा में नगर पालिका चुनाव के दौरान पूर्व प्रधान धर्मपाल मेघवाल और उनके बेटे मोहनलाल से मारपीट का मामला सामने आया है। धर्मपाल मेघवाल ने भाजपा नेता महीपाल जाखड़ समेत पांच लोगों पर मारपीट और जातिसूचक गालियां देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ BNS की धाराओं के साथ SC-ST एक्ट में एफआईआर दर्ज की है। चुनावी बूथ के पास हुई घटना धर्मपाल मेघवाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घटना 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे भांगवा गांव में बापूवाली धर्मशाला के सामने मेन रोड पर हुई। यहां वार्ड नंबर 23 के नगर पालिका चुनाव का बूथ बनाया गया था। धर्मपाल मेघवाल कांग्रेस पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 23 के प्रभारी थे, जबकि उनकी बहन सावित्री देवी इसी वार्ड से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रही थीं। स्कॉर्पियो से पहुंचे, गाली-गलौज के बाद मारपीट का आरोप शिकायत के मुताबिक, भाजपा नेता महीपाल जाखड़ निवासी रामबास और रमन नाई निवासी वार्ड नंबर 23, भादरा तीन-चार अन्य लोगों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में वहां पहुंचे। आरोप है कि आते ही उन्होंने धर्मपाल मेघवाल और उनके बेटे मोहनलाल को जातिसूचक गालियां दीं और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। लोगों ने बीच-बचाव कर छुड़ाया मारपीट के दौरान शोर सुनकर रणवीर भाकर, शिशराम डारा और कुछ अन्य लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने बीच-बचाव कर धर्मपाल और मोहनलाल को आरोपियों से छुड़ाया। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि हमलावर जाते समय धमकी देकर गए कि आने वाले पंचायत चुनाव में वे कहीं भी दिखाई दिए तो उन्हें सबक सिखाया जाएगा। हाथ की उंगली में सूजन, इन धाराओं में केस मारपीट में धर्मपाल मेघवाल के दाहिने हाथ की छोटी उंगली में दर्द और सूजन होने की बात शिकायत में बताई गई है। पुलिस ने महीपाल जाखड़, रमन नाई और तीन-चार अन्य के खिलाफ धारा 126(2), 115(2), 351(2), 352, 3(5) बीएनएस और धारा 3(2)(बी) एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच भादरा के वृताधिकारी कुलदीप आरपीएस को सौंपी गई है।