हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव के लिए कांग्रेस में टिकट दावेदारों की सरगर्मी तेज हो गई है। सोमवार को लगातार दूसरे दिन टाउन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों से दावेदारों ने पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार के जंक्शन स्थित निवास पर आवेदन जमा कराए। दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे और पार्टी नेताओं के समक्ष अपनी दावेदारी पेश की। इससे पहले रविवार को जंक्शन क्षेत्र के 30 वार्डों से भी कांग्रेस टिकट के लिए आवेदन प्राप्त हुए थे। इस दौरान पूर्व मंत्री चौधरी विनोद कुमार, पीसीसी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, पूर्व प्रधान दयाराम जाखड़, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन, देहात अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू और कांग्रेस सेवादल जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक सहित अन्य पार्टी नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन ने बताया कि प्रत्येक वार्ड से तीन-चार या इससे अधिक आवेदन मिल रहे हैं। पार्टी ने सभी दावेदारों से आपसी सहमति बनाकर एक नाम तय करने का प्रयास करने को कहा है। उन्होंने यह भी बताया कि पार्टी स्तर पर प्रत्येक वार्ड में सर्वे करवाया जा रहा है। टिकाऊ और जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकट देने पर जोर रहेगा। जैन ने कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल को खारिज करते हुए कहा कि सभी नेता अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।