हनुमानगढ़ नगर परिषद चुनाव की गहमागहमी के बीच जंक्शन के वार्ड नंबर 6 स्थित हाउसिंग बोर्ड में मोहल्लेवासियों ने साफ कर दिया है कि इस बार वोट किसी प्रलोभन पर नहीं, बल्कि वार्ड के विकास की ठोस गारंटी देने वाले प्रत्याशी को ही दिया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जो प्रत्याशी वार्ड की लंबित समस्याओं के समाधान का भरोसा देगा, मोहल्लेवासी एकजुट होकर उसके पक्ष में मतदान करेंगे। वहीं, समस्याओं के समाधान का ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई। 15 साल से बदहाल पार्क बना सबसे बड़ा मुद्दा वार्डवासियों ने करीब 15 वर्षों से बदहाल पड़े पार्क के सौंदर्यीकरण को प्रमुख मुद्दा बनाया है। उनका कहना है कि पार्क के विकास की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन बार-बार आश्वासन के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। इसके अलावा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बरसाती पानी की उचित निकासी व्यवस्था करने, रेलवे बाउंड्री के पास सौंदर्यीकरण करवाने तथा निराश्रित गोवंश और आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग भी उठाई गई। विधायक से मिले, टेंडर की बात भी हुई, फिर भी काम नहीं वार्ड निवासी अंकित सिंघल ने बताया कि गणेश राज बंसल के विधायक बनने से पहले वार्ड में हुई एक बैठक में उन्होंने पार्क के विकास का आश्वासन दिया था। वार्डवासियों के समर्थन से वे निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए, लेकिन इसके बाद भी पार्क की स्थिति में कोई सुधार नहीं आया। सिंघल के अनुसार, वार्ड की समस्याओं को लेकर मोहल्लेवासी पूर्व में तीन-चार बार विधायक के पास भी गए, लेकिन समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि तीन पार्कों के विकास के लिए करीब 30 लाख रुपए का टेंडर लगाए जाने की बात भी सामने आई थी। वार्ड के मनोनीत पार्षद ने भी पार्क का काम जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया था, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। ‘प्रलोभन नहीं, विकास की गारंटी चाहिए’ अंकित सिंघल ने कहा कि इस बार मोहल्लेवासियों को किसी तरह का प्रलोभन नहीं चाहिए। उनकी प्राथमिकता वार्ड का सर्वांगीण विकास है। उन्होंने दावा किया कि मोहल्ले के करीब 300 से 350 नागरिक एकजुट हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता एक ही प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करने को तैयार हैं, लेकिन प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जो वार्ड की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध हो। बैठक में वार्डवासियों ने स्पष्ट किया कि वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं का समाधान इस बार नगर परिषद चुनाव में उनका प्रमुख मुद्दा रहेगा।