नगर निकाय चुनाव के दूसरे चरण के मतदान को लेकर हनुमानगढ़ में पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है। शुक्रवार को हनुमानगढ़ नगर परिषद, पीलीबंगा और गोलूवाला नगर पालिकाओं में मतदान होगा। हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों में 22 स्थानों को संवेदनशील और अति संवेदनशील चिन्हित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। वहीं जंक्शन और टाउन क्षेत्र में 20 मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक संपन्न होने के बाद पुलिस अब दूसरे चरण में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। अफसरों से लेकर जवानों तक तैनाती जिला पुलिस अधीक्षक बी आदित्य ने बताया कि पहले चरण का मतदान शांतिपूर्वक कराने में पुलिस अधिकारियों और जवानों की अहम भूमिका रही। दूसरे चरण के लिए भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एडिशनल एसपी, डिप्टी एसपी और इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी लगातार संबंधित इलाकों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। हनुमानगढ़ में दो एडिशनल एसपी संभालेंगे कमान एसपी के अनुसार हनुमानगढ़ नगर परिषद क्षेत्र के लिए दो एडिशनल एसपी, दो डिप्टी एसपी और तीन-चार इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी तैनात किए गए हैं। इनके साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी रहेगा। जंक्शन और टाउन क्षेत्र में लगाई गई 20 मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त करेंगी। किसी भी स्थिति में जरूरत पड़ने पर रिजर्व पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। 22 संवेदनशील-अति संवेदनशील स्थानों पर खास नजर नगर परिषद के 60 वार्डों में से 22 स्थानों को संवेदनशील और अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। एसपी बी आदित्य खुद भी मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगे, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की परेशानी सामने न आए। कंट्रोल रूम और CCTV से निगरानी चुनावी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिस ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। इसके जरिए लगातार स्थिति की मॉनिटरिंग की जा रही है। शहर में लगे CCTV कैमरों के जरिए भी निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का फोकस मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने पर रहेगा। गड़बड़ी हुई तो होगी सख्त कार्रवाई एसपी ने स्पष्ट किया कि आचार संहिता के उल्लंघन, अवैध गतिविधि या चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसा कोई मामला सामने आने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निर्भीक होकर मतदान की अपील एसपी ने आमजन से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और बिना किसी भय के मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से दूसरे चरण की चुनाव प्रक्रिया भी शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराई जाएगी।