हनुमानगढ़ में विश्व रेबीज दिवस के मौके पर सोमवार को पशुपालन विभाग ने 28 टीकाकरण कैंप लगाए। इन कैंपों में कुल 314 कुत्तों और 29 बिल्लियों को रेबीज के मुफ्त टीके लगाए गए। इस दौरान 'जागरूकता और समय पर टीकाकरण से रेबीज से बचाव' विषय पर बैठकें भी की गईं। इनमें कुत्ते पालने वालों को रेबीज बीमारी से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई और लोगों में फैली गलतफहमियां दूर की गईं। विभाग ने कहा कि किसी कुत्ते या दूसरे जानवर के काटने पर घबराएं नहीं। काटे गए हिस्से को तुरंत गर्म पानी और एंटीसेप्टिक साबुन से लगातार धोएं। धोने के बाद बिटाडीन लगाएं और घाव को खुला रखें, पट्टी न बांधें। इसके बाद डॉक्टर की सलाह पर टीके लगवाएं। पशुपालन विभाग के ज्वाइंट डायरेक्टर डॉ. आनंद स्वरूप ने बताया कि रेबीज से बचने के लिए समय पर टीकाकरण और जागरूकता बहुत जरूरी है। उन्होंने पशु मालिकों से अपने पालतू जानवरों को समय पर रेबीज का टीका लगवाने को कहा।