हनुमानगढ़ के रीको फेज फर्स्ट स्थित एक पार्क में एक व्यक्ति का शव संदिग्ध हालत में मिला है। मृतक के सिर में चोट के निशान हैं और ज्यादा खून बहने से उसकी मौत होने की आशंका है। शव मिलने की सूचना से रीको इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास के फैक्ट्री संचालकों और पार्षद ने जंक्शन पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही एएसआई इकबाल खान मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए FSL टीम को बुलाया गया। सीओ सिटी मीनाक्षी और जंक्शन थाना प्रभारी रामचंद्र कस्वां ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। एएसआई इकबाल खान ने बताया कि मृतक की पहचान सूदन सिंह (40) पुत्र रामजी के रूप में हुई है। वह बिहार के वैशाली हाजीपुर का रहने वाला था और फिलहाल रीको फेज फर्स्ट के एसएस ब्लॉक में रहता था। सूदन सिंह शिवम फैक्ट्री में मजदूरी करता था।