हनुमानगढ़ के टिब्बी थाना क्षेत्र के सिलवाला खुर्द गांव में गाली-गलौज को लेकर हुआ विवाद हिंसक हो गया। आरोप है कि पिता-पुत्र ने दो युवकों को गली में बुलाकर गंडासी से हमला कर दिया। हमले में दोनों के हाथ में चोट लगी। पुलिस ने आरोपी संदीप और उसके पिता जसवंत के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाम को कहासुनी, रात में फिर बुलाया पुलिस को दी रिपोर्ट में सिलवाला खुर्द के वार्ड नंबर 11 निवासी राजेश (18) पुत्र महावीर नायक ने बताया कि 8 सितंबर की शाम करीब 5 से 6 बजे वह अपने दोस्त जितेंद्र के साथ गली में बात कर रहा था। इसी दौरान संदीप पुत्र जसवंत नायक वहां आया और दोनों को गालियां देने लगा। इस बात को लेकर राजेश और जितेंद्र की संदीप से कहासुनी हो गई। जागरण सुनने गए थे, गली में बुलाया राजेश के अनुसार, रात करीब 10.30 से 11 बजे गांव में मालाराम शर्मा के घर गोगाजी का जागरण चल रहा था। राजेश और जितेंद्र जागरण सुनने गए थे। आरोप है कि इसी दौरान संदीप ने दोनों को गली में बुलाया, जहां उसका पिता जसवंत पहले से मौजूद था। गंडासी के वार से हाथ में लगी चोट राजेश ने पुलिस को बताया कि जसवंत ने वहां आते ही उस पर गंडासी से वार कर दिया। इससे उसके हाथ की हथेली में चोट लगी और खून निकलने लगा। जितेंद्र बीच-बचाव करने पहुंचा तो जसवंत ने उसके हाथ पर भी गंडासी से हमला कर दिया। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण, बचाया हमले के दौरान शोर सुनकर रामकुमार और सुखवीर मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को बचाया। इसके बाद घायल राजेश को टिब्बी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे हनुमानगढ़ रेफर कर दिया गया। पिता-पुत्र के खिलाफ केस, जांच शुरू इलाज के बाद राजेश ने पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट और चोटों के आधार पर संदीप और उसके पिता जसवंत के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शिवनारायण को सौंपी गई है।