टिब्बी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक 17 साल की किशोरी लापता हो गई है। किशोरी की मां ने एक युवक पर अपनी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगाया है। शिकायत में महिला ने आरोपी पर पहले भी धमकियां देने और उसकी बेटी को देह व्यापार में धकेलने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं। टिब्बी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र निवासी एक महिला ने रिपोर्ट में बताया कि वह 9 सितंबर को सुबह करीब 7.15 बजे मजदूरी करने गई थी। करीब दो घंटे बाद जब वह घर लौटी तो उसकी नाबालिग बेटी घर पर नहीं मिली। महिला ने घर और आसपास तलाश की, पड़ोस में भी पूछताछ की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चला। शिकायतकर्ता ने बताया- आरोपी युवक उसकी नाबालिग बेटी की कम उम्र और नासमझी का फायदा उठाया। वह उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी किशोरी को अपने कब्जे में लेकर किसी अनजान जगह ले गया है। महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले भी उसे फोन पर धमकाता था। उसके अनुसार आरोपी धमकी देता था कि मौका मिलने पर वह उसकी बेटी और उसे नशीली दवा देकर उठा ले जाएगा। साथ ही उसकी बेटी को देह व्यापार में लगा देगा। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी अन्य लड़कियों के अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर उसे धमकाता था। वह लड़कियों को झांसे में लेकर देह व्यापार में लगाने की बात भी करता था। किशोरी के लापता होने के बाद आरोपी ने महिला के बेटे के मोबाइल फोन पर फोन किया। फोन पर आरोपी ने उसकी नाबालिग बेटी को अपने साथ ले जाने की बात कही और उसे देह व्यापार में लगाने की धमकी दी। महिला ने पुलिस से अपनी बेटी को जल्द तलाश कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक शिवनारायण को सौंपी गई है। पुलिस नाबालिग किशोरी की तलाश करने के साथ ही शिकायत में लगाए गए अपहरण, धमकी और देह व्यापार में धकेलने संबंधी आरोपों की जांच कर रही है।