हनुमानगढ़ के टिब्बी में चुनावी रंजिश को लेकर एक युवक पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। यह घटना तब हुई जब पीड़ित युवक एक युवती के साथ हुई अभद्रता का विरोध करने पहुंचा था। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई और वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी टिब्बी में भर्ती कराया गया है। टिब्बी थाना पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि 10 सितंबर की रात करीब 8 बजे उसकी भतीजी किराना दुकान पर घर का सामान लेने गई थी। आरोप है कि दुकान पर श्रवण सिंह, रामचंद्र, जोगेंद्र सिंह और बिट्टू उर्फ राजकुमार शराब के नशे में थे। चुनावी रंजिश के चलते इन आरोपियों ने शिकायतकर्ता की भतीजी और उसके परिवार की महिलाओं को लेकर गलत बातें कहीं। श्रवण सिंह ने उसे धक्का देकर दुकान से बाहर निकाल दिया। घर पहुंचकर लड़की ने परिजनों को घटना के बारे में बताया और रोने लगी। इसके बाद उसका चचेरा भाई घटना के बारे में पूछने दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि वहां श्रवण सिंह और अन्य आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने सुखदेव सिंह को आवाज देकर अंदर से लोहे की कुल्हाड़ी लाने के लिए कहा। आरोप है कि इसके बाद सुखदेव सिंह ने गुस्से में आकर युवक के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। चोट गहरी थी, जिससे उसके सिर से काफी खून बहने लगा और वह बेहोश होकर मौके पर गिर गया। गंभीर हालत में उसे सीएचसी टिब्बी ले जाया गया। पुलिस ने शिकायतकर्ता की रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर श्रवण सिंह, रामचंद्र, जोगेंद्र सिंह, बिट्टू उर्फ राजकुमार और सुखदेव सिंह के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। जांच सहायक उपनिरीक्षक शिवनारायण को सौंपी गई है।