हनुमानगढ़ के धोलीपाल गांव से एक महिला और उसका 9 साल का बेटा लापता हो गए हैं। महिला के पति की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में धोलीपाल निवासी महेंद्र सिंह (41) ने बताया कि उनकी पत्नी रानी कंवर (35) और बेटा भैरू सिंह (9) 28 अगस्त को दोपहर करीब 1 बजे घर से सूरतगढ़ जाने के लिए निकले थे। इसके बाद वे रास्ते में ही कहीं लापता हो गए। परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया। महेंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इस मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक सुनील कुमार को सौंपी गई है।