हनुमानगढ़ के पीलीबंगा थाना क्षेत्र के पंडितांवाली गांव से एक 31 वर्षीय युवक लापता हो गया है। वह गोगामेड़ी जाने की बात कहकर घर से निकला था। कई दिनों तक उसका पता नहीं चलने पर पिता ने पीलीबंगा पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस के मुताबिक, पंडितांवाली निवासी महावीर (55) पुत्र कालूराम धानक ने बताया कि उनका बेटा सतपाल (31) सिलाई का काम करता है। सतपाल 5 सितंबर को सुबह करीब 10:30 बजे घर से गोगामेड़ी जाने के लिए निकला था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। परिवार ने सतपाल से मोबाइल फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की, पर कोई जानकारी नहीं मिल पाई। किडनैप का मामला दर्ज कर जांच शुरू परिजनों ने बताया कि घर से निकलते समय सतपाल ने सफेद रंग का पायजामा-कुर्ता और नीले रंग के जूते पहने थे। उसका कद करीब 5 फीट 8 इंच और रंग गोरा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक संजय कुमार को सौंपी गई है। पुलिस युवक की तलाश के लिए संभावित जगहों और उसके संपर्क सूत्रों के आधार पर जांच कर रही है।