शादी के दूसरे दिन पति को नशीला पदार्थ खिलाकर कैश और सोने-चांदी की ज्वेलरी लेकर फरार हुई लुटेरी दुल्हन समेत पांच आरोपियों को हरिद्वार की बहादराबाद थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों में भरतपुर निवासी फतेह सिंह मीना भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बोलेरो गाड़ी, 70 हजार रुपए कैश और नशीला पाउडर बरामद किया है। शादी के दिन ही पति को खिलाया नशीला पदार्थ पुलिस ने बताया कि दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने 24 सितंबर को बहादराबाद थाने में शिकायत दी थी। उसने बताया कि एक महिला ने उसके भाई योगेश पुरी को प्रेमजाल में फंसाया। 23 सितंबर को उससे शादी कर ली। शादी के दिन, रात में ही महिला ने योगेश को खाने की चीज में नशीला पाउडर मिलाकर खिला दिया। इसके बाद योगेश बेहोश हो गया। साथियों को घर के बाहर बुलाया योगेश के बेहोश होने के बाद 21 साल की महिला ने अपनी एक महिला साथी सहित तीन अन्य आरोपियों को घर के बाहर बुला लिया। इनमें अब्दुल निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश, पुनीत कुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर शामिल हैं। नकदी और जेवर लेकर फरार हुए थे आरोप है कि महिला ने अपने साथियों के साथ मिलकर घर से कैश और सोने-चांदी की ज्वेलरी समेत कीमती सामान लेकर रात में ही फरार हो गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और देर रात पांचों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बोलेरो गाड़ी, 70 हजार रुपए कैश और नशीला पाउडर भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।