भास्कर न्यूज| जैसलमेर राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत 10 सितंबर से 10 अक्टूबर तक मनाए जा रहे मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत सीएमएचओ कार्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन सभागार में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुरलीधर सोनी ने बताया कि राज्य सरकार के मनदर्पण-2 कार्यक्रम के तहत आयोजित इस सत्र में शिक्षा विभाग, पुलिस विभाग सहित विभिन्न राजकीय संस्थानों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का उद्देश्य कार्मिकों को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता व तनाव प्रबंधन में दक्ष बनाकर विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आमजन तक यह संदेश पहुंचाना है। प्रशिक्षण सत्र के दौरान मास्टर ट्रेनर डॉ. नारायणराम द्वारा प्रतिभागियों को मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित पांच प्रमुख मॉड्यूल पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसमें युवा मन एवं मानसिक स्वास्थ्य, आई सपोर्ट माई फ्रेंड, कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन, आत्महत्या की रोकथाम के लिए गेट कीपर प्रशिक्षण तथा परीक्षा की तैयारी के दौरान तनाव प्रबंधन जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली, बढ़ती प्रतिस्पर्धा और परीक्षाओं के दौर में युवाओं में मानसिक तनाव बढ़ रहा है। जिसे पहचानना और नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान उमेश आचार्य ने मानसिक स्वास्थ्य को शारीरिक स्वास्थ्य के समान प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने बेहतर मानसिक संतुलन बनाए रखने में नियमित दिनचर्या, योग और सकारात्मक जीवनशैली की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर डीपीओ डॉ. सलीम जावेद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिभागी उपस्थित रहे।