त्रिनेत्र रणतभंवर गणपति सेवा समिति के तत्वावधान में गणेशजी मेले के दौरान पदयात्रियों के लिए लगाए गए निशुल्क भंडारे में सहयोग करने वाले भामाशाहों का रविवार को बांके बिहारी मंदिर परिसर में सम्मान किया गया। सामाजिक कार्यकर्ता राजू जैन एवं बबलू गर्ग ने बताया कि पिछले 25 साल से गणेश जी पदयात्रियों के लिए ग्रामीणों के सहयोग से निशुल्क भंडारा किया जा रहा है। इस वर्ष भी गणेशजी मेले पर 9 से 14 सितंबर तक पदयात्रियों के लिए निशुल्क भंडारा किया गया। समिति की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में सहयोग करने वाले भामाशाहों का सम्मान कर उनके योगदान के लिए आभार जताया गया। समिति ने भंडारे में हुए आय-व्यय का ब्यौरा भी उपस्थित लोगों के समक्ष रखा। कार्यकर्ता राजू जैन, बबलू गर्ग, मुकेश गुप्ता, दीनदयाल मीणा, कमलेश मीणा, रामरतन मीणा, कैलाश मीणा, सीताराम मीणा, मेघराज, रिटायर्ड कमिश्नर धन सिंह मीणा आदि मौजूद रहे।