इस सीजन में सामान्य से भी कम बारिश का सामना कर रहे उदयपुर के लिए मानसून का अंतिम दौर उम्मीदें लेकर आया है। शहर और आसपास के इलाकों में शुक्रवार देर रात से सुबह तक अच्छी बारिश हुई। इससे सीसारमा नदी में 3 फीट 6 इंच बहाव शुरू हो गया। यह पानी सीधे पिछोला में समाहित हो रहा है, जिससे झील का जलस्तर तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल 11 फीट क्षमता वाली इस झील का जलस्तर 6.1 फीट ही है। शहर में दोपहर 12 बजे तक रुक-रुक कर रिमझिम और फुहार गिरती रही। दोपहर बाद धूप खिली, लेकिन बारिश से हवा में ठंडक घुली रही। शहर में 14, कोटड़ा में सर्वाधिक 25 मिमी बारिश बीते 24 घंटों में शहर में 14, देवास 12, स्वरूपसागर 11, मदार 18, गोगुंदा 16, झाड़ोल 14, सेई डेम 11, कोटड़ा 25, बागोलिया 11, ओगणा 10, नाई 5, उदयसागर 4 और वल्लभनगर में 2 मिमी बरसात हुई। अधिकतम तापमान 26.9 और न्यूनतम 21.2 डिग्री रहा। आगे: 2 दिन हल्की वर्षा की संभावना मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा ने बताया कि अरब सागर से आ रही नमी के कारण दक्षिणी राजस्थान में कुछ स्थानों पर अच्छी वर्षा हुई है। अगले दो दिनों तक उदयपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।