भारतीय वायुसेना के प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह 31 अक्टूबर को रिटायर हो रहे हैं। उससे पहले रविवार को तरंग शक्ति युद्धाभ्यास के समापन के दिन एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने स्वदेशी लड़ाकू विमान लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट तेजस में बैठकर अपने करियर की आखिरी फाइटर सॉर्टी पूरी की। स्वदेशी तकनीक और आत्मनिर्भर भारत की ताकत के प्रतीक तेजस के कॉकपिट से उनकी इस उड़ान के साथ ही जोधपुर एयरबेस पर आयोजित बहुराष्ट्रीय हवाई युद्धाभ्यास तरंग शक्ति-2026 का भी समापन हो गया। एयर मार्शल चीफ ने स्वदेशी फाइटर एयरक्राफ्ट तेजस में उड़ान भरी तो वहीं उनके साथ सुखोई-30, राफेल, UAE का फाइटर जेट F-16 और मिराज-200, मिग-29 जैसे विमानों ने भी आसमान में एक साथ उड़ान भरी। इसके अलावा तेजस के साथ भारतीय वायुसेना के सूर्यकिरण विमानों ने भी अलग-अलग फॉर्मेशन बनाई। युद्धाभ्यास तरंग शक्ति- 2026 से जुड़ी फोटोज… एक बार फाइटर पायलट, हमेशा फाइटर पायलट वायुसेना ने ट्वीट कर लिखा स्वदेशी लड़ाकू विमान तेजस के कॉकपिट में बैठकर वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने अपने करियर की आखिरी फाइटर सॉर्टी पूरी की। यह उनके शानदार करियर का एक ऐतिहासिक पल रहा, जो उड़ान के प्रति अटूट जुनून और राष्ट्रसेवा के प्रति अडिग समर्पण से गढ़ा गया है। तरंग शक्ति-2026 युद्धाभ्यास के दौरान मित्र देशों के विमानों और सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के साथ उड़ान भरते हुए उन्होंने एक ऐसे फाइटर पायलट की भावना को प्रदर्शित किया, जिसने हमेशा आगे बढ़कर नेतृत्व करने में विश्वास किया। एक अध्याय समाप्त हो रहा है, लेकिन जुनून आज भी बरकरार है। आसमान में उड़ान का यह अध्याय भले ही समाप्त हो रहा हो, लेकिन राष्ट्रसेवा का मिशन जारी रहेगा। नए वायुसेना प्रमुख होंगे एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के बाद एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित भारतीय वायुसेना के नए प्रमुख का पदभार संभालेंगे। तेजस में एपी सिंह की आखिरी फाइटर सॉर्टी उनके वायुसेना करियर का एक महत्वपूर्ण पड़ाव रही। 26 सितंबर से 12 अक्टूबर तक चले इस युद्धाभ्यास में अमेरिका, ब्रिटेन, जर्मनी, फ्रांस, बांग्लादेश, श्रीलंका और संयुक्त अरब अमीरात सहित आठ देशों के लड़ाकू विमानों ने हिस्सा लिया। वहीं, 40 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों ने पर्यवेक्षक (ऑब्जर्वर) के तौर पर अभ्यास की गतिविधियों को देखा। 'पावर इन पार्टनरशिप' रही थी थीम भारतीय वायुसेना की ओर से आयोजित तरंग शक्ति देश का प्रमुख बहुराष्ट्रीय एयर कॉम्बैट एक्सरसाइज है। इसकी थीम 'पावर इन पार्टनरशिप' रखी गई थी। युद्धाभ्यास का उद्देश्य मित्र देशों की वायुसेनाओं के बीच आपसी तालमेल और परिचालन क्षमता को मजबूत करना था। इसके साथ ही स्वदेशी रक्षा उपकरणों और 'मेक इन इंडिया' की ताकत का भी प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए थे। इस अभ्यास के जरिए भारत ने अपनी हवाई युद्ध क्षमता के साथ अंतरराष्ट्रीय रक्षा सहयोग और स्वदेशी विमानन तकनीक की क्षमता को प्रदर्शित किया। --- ये खबर भी पढ़ें… पायलट ने राफेल की कॉकपिट से बनाया युद्धाभ्यास का वीडियो:स्वदेशी प्रचंड हेलिकॉप्टर ने मलेशिया को किया हैरान, देखें तरंग शक्ति युद्धाभ्यास के PHOTOS जोधपुर में चल रहे युद्धाभ्यास तरंग शक्ति- 2026 में पायलट ने राफेल के कॉकपिट से एक्सरसाइज का वीडियो बनाया। स्वदेशी प्रचंड हेलिकॉप्टर को देखकर मलेशिया के एयर वॉरियर्स हैरान रह गए। युद्धाभ्यास के पेगासे-26 मिशन में संयुक्त अरब अमीरात स्थित फ्रांसीसी सैन्य एयरबेस से राफेल लड़ाकू विमान भी मंगलवार को शामिल हुए हैं। (पूरी खबर पढ़ें)