भीलवाड़ा में उपभोक्ताओं को सही मात्रा में वस्तुएं उपलब्ध कराने और विधिक माप विज्ञान नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने शहर की दो दुकानों की जांच की। जांच के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर दोनों दुकानों पर 15-15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। विशेष अभियान के तहत कार्रवाई हुई उपभोक्ता मामले विभाग के मंत्री सुमित गोदारा के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला विधिक माप विज्ञान अधिकारी ने चित्रक गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, रीको, बीलिया और नाकोड़ा फैशन, आजाद नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों पर नियमों से संबंधित कमियां पाई गईं। 15 -15 हजार का जुर्माना लगाया जांच के दौरान नाकोड़ा फैशन, आजाद नगर में पैकेजिंग रजिस्ट्रेशन नहीं होने और कांटा सत्यापित नहीं मिलने पर 15 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार चित्रक गारमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड, रीको, बीलिया में पैकेजिंग लाइसेंस नहीं मिलने और कांटा सही नहीं पाए जाने पर 15 हजार रुपए का जुर्माना किया गया। आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई विभाग की ओर से बताया गया कि उपभोक्ताओं को सही मात्रा में वस्तुएं उपलब्ध कराने और नियमों की पालना सुनिश्चित करने के लिए शहर सहित जिलेभर में जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।