वोटर लिस्ट से वोटरों के नाम हटाने के लिए बड़ी संख्या में फॉर्म जमा किए जाने की खबरों के बीच, चुनाव आयोग ने शुक्रवार को ऑब्जेक्शन (आपत्ति) जमा करने वाले लोगों पर सीमाएं तय कर दी हैं। EC ने तय किया है कि कोई वोटर इलेक्टोरल रोल (मतदाता सूची) में नाम शामिल करने पर आपत्ति जताने या नाम हटाने के लिए ज़्यादा से ज़्यादा कितने 'फॉर्म 7' एप्लीकेशन जमा कर सकता है। दावे और आपत्तियों के समय के दौरान, कोई वोटर पूरी अवधि में ज़्यादा से ज़्यादा 10 'फॉर्म 7' एप्लीकेशन जमा कर सकता है। इलेक्टोरल रोल को लगातार अपडेट करने के दौरान, यह सीमा हर महीने पांच एप्लीकेशन की है। इस कदम का मकसद बिना ठोस आधार वाली आपत्तियों को बड़ी संख्या में जमा करने से रोकना, वोटरों को होने वाली परेशानी कम करना और चुनाव अधिकारियों का काम का बोझ कम करना है। चुनाव आयोग ने सभी राज्यों के मुख्य चुनाव अधिकारियों को यह नई व्यवस्था लागू करने के लिए पत्र लिखा। आज की अन्य बड़ी खबरें… राष्ट्रपति भवन में हर शनिवार को होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी का समय बदला, अब सुबह 7:30 से 8:30 बजे तक होगी राष्ट्रपति भवन में हर शनिवार होने वाली चेंज ऑफ गार्ड सेरेमनी का समय 10 अक्टूबर 2026 से बदल दिया जाएगा। राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। अब यह सेरेमनी सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक आयोजित होगा। इससे पहले इसका समय सुबह 7 बजे से 8 बजे तक था। चेंज ऑफ गार्ड एक सैन्य परंपरा है, जिसके तहत राष्ट्रपति के बॉडीगार्ड्स का नया दल अपनी जिम्मेदारी संभालता है। यह समारोह हर सप्ताह राष्ट्रपति भवन के फोरकोर्ट में आयोजित किया जाता है। 1773 में गठित प्रेसिडेंट्स बॉडीगार्ड भारतीय सेना की सबसे वरिष्ठ रेजिमेंट है। इसके जवान राष्ट्रपति के लिए औपचारिक और रस्मी सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियां निभाते हैं। इस रेजिमेंट के जवान घुड़सवारी, टैंक संचालन और पैराशूट से उतरने में भी दक्ष होते हैं। ओडिशा के मयूरभंज में एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटा, 1 की मौत; 2 झुलसे ओडिशा के मयूरभंज जिले में गुरुवार को एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर फटने से एक मरीज की मौत हो गई, जबकि 2 लोग झुलस गए। मृतक की पहचान 35 साल के सुजोष बारिक के रूप में हुई है। वह गंभीर ब्लड इन्फेक्शन से पीड़ित था और उसे भुवनेश्वर के अस्पताल में शिफ्ट किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, उदाला सब-डिविजनल अस्पताल के बाहर एंबुलेंस के ड्राइवर ने मरीज को ऑक्सीजन देने के लिए सिलेंडर का वाल्व खोला। इसी दौरान ऑक्सीजन लीक होने से आग लगने की आशंका है। आग तेजी से फैली और सिलेंडर में विस्फोट हो गया। परिजनों ने जलती हुई एंबुलेंस से मरीज को बाहर निकाला, लेकिन वह गंभीर रूप से झुलस चुका था। कुछ ही मिनटों में उसकी मौत हो गई। मरीज को बचाने की कोशिश में 2 अन्य लोग भी झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि एंबुलेंस की छत उड़ गई। दमकलकर्मियों ने बाद में आग पर काबू पाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर निर्विरोध निर्वाचन, बीजेपी को 8 सपा को 2 सीटें उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की सभी 10 सीटों पर परिणाम साफ हो गए हैं। यहां बीजेपी के 8 और सपा के 2 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में न होने के कारण बिना वोटिंग के ही सभी 10 नेताओं की जीत घोषित कर दी गई है। बीजेपी से ये 8 उम्मीदवार बने राज्यसभा सांसद- विद्यासागर सोनकर, प्रियंका सिंह रावत, गोपी कृष्ण पांडे, धर्मपाल सिंह, राधाकांत ओझा, प्रकाश पाल, रामप्रताप सिंह चौहान, श्रुति गंगवार। समाजवादी पार्टी से प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नाथवानी राज्यसभा के लिए चुन लिए गए हैं। मतदाता सूची में नाम जुड़वाने पर सुनवाई, SC बोला- कोई रास्ता निकालेंगे पश्चिम बंगाल मतदाता सूची को लेकर शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कहा कि वह पश्चिम बंगाल में आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए मतदाता सूची में पात्र मतदाताओं के नाम शामिल करने से जुड़ी अपीलों पर विचार करेंगे। CJI सूर्यकांत ने कहा- हम इसका कोई रास्ता निकालेंगे। इसके मुकाबले, मतदाता सूची में पहले से शामिल नामों को हटाने की मांग वाली अपीलों को प्राथमिकता बाद में दी जा सकती है, जिन पर आपत्तियां दर्ज की गई हैं। सीजेआई सूर्यकांत की अगुवाई वाली पीठ ने कहा कि अदालत पहले उन मतदाताओं की अपीलों पर सुनवाई करेगी, जो मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने की मांग कर रहे हैं। इनमें खासतौर पर वे मामले शामिल हैं, जिनकी अपीलें स्पेशल ट्रिब्यूनल्स के समक्ष लंबित हैं। कोर्ट ने कहा कि इस मामले पर पहली सुनवाई 16 नवंबर को होगी। यदि उस दिन सुनवाई संभव नहीं हुई, तो इसे 29 नवंबर को सूचीबद्ध किया जाएगा। IIT बॉम्बे के हॉस्टल में गैस लीक के बाद आग लगी, 5 घायल IIT बॉम्बे के एक हॉस्टल में गैस लीक होने के बाद आग लग गई। हादसे में 5 लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, आग हॉस्टल नंबर 6 में गुरुवार रात करीब 10 बजे लगी। घटना के बाद पुलिस और बीएमसी वार्ड के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। घायलों को तत्काल राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से 4 लोगों को आगे के इलाज के लिए कस्तूरबा अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि एक घायल का राजावाड़ी अस्पताल में ही इलाज चल रहा है। धुले जिले में तापी नदी से नवविवाहित जोड़े के शव मिले, जंजीर से बंधे थे पैर महाराष्ट्र के धुले जिले में तापी नदी से एक नवविवाहित जोड़े के शव बरामद किए गए हैं, जिनके पैर लोहे की जंजीर से बंधे हुए थे,जिसे एक ताले से लॉक किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि सावलदे इलाके में मिले शवों की पहचान श्याम हरि पाटिल और सपना पाटिल के तौर पर हुई है। मूल रूप से जलगांव जिले के अमलनेर तालुका के रहने वाले इस जोड़े ने कुछ महीने पहले ही प्रेम विवाह किया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जम्मू-कश्मीर के पुंछ में सेना ने 3 लैंडमाइंस बरामद कर नष्ट कीं जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास सेना ने 3 लैंडमाइंस बरामद कर नष्ट कर दीं। ये लैंडमाइंस मेंढर और बालाकोट के अग्रिम इलाकों में मिली थीं। मेंढर सेक्टर के बसूनी टॉप में बाड़ के पास जवानों को 2 लैंडमाइंस मिलीं। वहीं, बालाकोट के अग्रिम इलाके में नियमित गश्त के दौरान जवानों को एक और लैंडमाइन मिली। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों घटनाओं में किसी की मौत नहीं हुई और न ही संपत्ति को कोई नुकसान पहुंचा। घुसपैठ रोकने के लिए LoC के इलाकों में लैंडमाइंस बिछाई गई हैं। बारिश के दौरान कुछ लैंडमाइंस बहकर दूसरी जगह पहुंच जाती हैं। बाद में इन्हें बरामद कर किसी हादसे से बचने के लिए नष्ट कर दिया जाता है।