भारत 2036 ओलिंपिक की मेजबानी का प्रबल दावेदार बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसी कड़ी में अब इंटरनेशनल ओलिंपिक कमेटी (IOC) भारत में एक बड़ा सर्वे करने जा रही है। दिसंबर में होने वाले इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य यह पता लगाना है कि देश की जनता ओलिंपिक खेलों के आयोजन को लेकर क्या सोचती है और उनकी इसमें कितनी रुचि है।

IOC यह समझना चाहती है कि भारतीय नागरिक इस वैश्विक आयोजन को किस नजरिए से देखते हैं। कमेटी जानना चाहती है कि क्या लोगों को लगता है कि ओलिंपिक की मेजबानी से भारत में खेलों का स्तर सुधरेगा और युवाओं में खेलों के प्रति रुझान बढ़ेगा। यह सर्वे भारत की दावेदारी के लिए काफी अहम माना जा रहा है।

सात देशों के साथ है भारत की प्रतिस्पर्धा

2036 ओलिंपिक की मेजबानी की दौड़ में भारत अकेला नहीं है। भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, साउथ अफ्रीका, साउथ कोरिया और तुर्किये ने भी खेलों के इस महाकुंभ की मेजबानी में गहरी रुचि दिखाई है। फिलहाल ये सभी सात देश IOC के साथ शुरुआती बातचीत के दौर में हैं।

IOC के सामने भारत पेश करेगा अपना पक्ष

26 नवंबर को IOC की 'फ्यूचर होस्ट कमीशन' के साथ एक वर्चुअल प्रेजेंटेशन होगा। इस बैठक में भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) अपनी दावेदारी के पक्ष में ठोस तर्क रखेगा। बैठक में भारतीय खेल मंत्रालय, भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI), गुजरात खेल विभाग और IOA के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

अहमदाबाद पर फोकस

भारत की योजना के अनुसार, ओलिंपिक का मुख्य केंद्र गुजरात का अहमदाबाद शहर होगा। भारत का तर्क है कि देश के पास बड़े वैश्विक आयोजनों को संचालित करने की क्षमता है और बुनियादी ढांचा लगातार विकसित किया जा रहा है। ओलिंपिक से पहले गुजरात 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स की मेजबानी भी करेगा। अहमदाबाद में होने वाले ये खेल भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मेजबानी क्षमता साबित करने का एक बड़ा मौका होंगे।