महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में आज भारतीय महिला हॉकी टीम के सामने अब तक की सबसे बड़ी चुनौती होगी। भारतीय टीम शाम 7 बजे चीन के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। टूर्नामेंट में अब तक शानदार प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम के लिए यह मैच अपनी बढ़त बनाए रखने के लिहाज से बहुत महत्वपूर्ण है।

अंक तालिका में भारत का दबदबा
भारत ने टूर्नामेंट में मलेशिया, दक्षिण कोरिया और थाईलैंड को हराकर लगातार तीन जीत दर्ज की हैं। 9 अंकों के साथ भारत फिलहाल अंक तालिका में पहले स्थान पर है। वहीं, जापान भी तीन मैचों में जीत के साथ 9 अंक लेकर दूसरे स्थान पर बना हुआ है। दूसरी ओर, चीन एक जीत, एक ड्रॉ और एक हार के साथ 4 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है।

चीन की चुनौती है बड़ी
चीन की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। चीन की विश्व रैंकिंग चौथी है, जबकि भारत सातवें स्थान पर है। इसके अलावा, चीन ओलिंपिक पदक विजेता टीम भी है, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक होने की उम्मीद है। भारत के लिए यह न केवल जीत हासिल करने का मौका है, बल्कि अपनी आक्रामक हॉकी और डिफेंस की मजबूती को साबित करने का भी अवसर है।

क्या कहते हैं विशेषज्ञ?
मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के कोच और पूर्व ओलिंपियन समीर दाद ने इस मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बताया है। उनका मानना है कि चीन का अंतरराष्ट्रीय अनुभव उसे एक कठिन प्रतिद्वंद्वी बनाता है। हालांकि, उन्हें उम्मीद है कि भारत, जो पहले भी एशियन गेम्स में चीन को मात दे चुका है, इस बार भी सकारात्मक परिणाम ला सकता है।

समीर दाद के अनुसार, टीम में दीपिका की ड्रैग फ्लिक पेनल्टी कॉर्नर के लिहाज से अहम साबित हो सकती है। इसके अलावा, नवनीत कौर का अनुभव और कप्तान सलीमा टेटे का नेतृत्व टीम को और मजबूती प्रदान करता है।