केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह पाकिस्तान में बने किसी भी कंटेंट को भारत में स्ट्रीम न करे। न्यूज एजेंसी PTI ने गुरुवार को सूत्रों के मुताबिक यह जानकारी दी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को नेटफ्लिक्स की पहली पाकिस्तानी वेबसीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में रिलीज होने की आशंका को लेकर कई शिकायतें मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने कंपनी से 8 मई 2025 की एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले के बाद यह एडवाइजरी जारी की गई थी। इसमें कहा गया था कि पाकिस्तान में बने कंटेंट को भारत में नहीं दिखाया जा सकता। दो फिल्म संगठनों ने PM मोदी को पत्र लिखा सीरीज की संभावित रिलीज के विरोध में भारत के दो फिल्म संगठनों ने पीएम मोदी को पत्र लिखा था। इनमें ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने पाकिस्तान को आतंकवाद से जुड़ा देश बताते हुए सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने लिखा कि हम पाकिस्तानी शो का विरोध करता है। हमारे देश में पाकिस्तानी कलाकारों का स्वागत नहीं हो सकता। अगर यह सीरीज भारत में रिलीज हुई तो वह नेटफ्लिक्स के सभी प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रुकवा देगा। पाकिस्तान के मंत्री बोले- कला और संस्कृति को हथियार बनाया जा रहा विवाद पर पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि भारत पहले खेल, फिर पानी और अब कला-संस्कृति को हथियार बना रहा है। तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों पर बनी सीरीज सीरीज की कहानी तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों पर आधारित है। इसमें प्यार, परिवार, रिश्तों और पुराने जख्मों को दिखाया गया है। इसका पहला पार्ट 4 दिसंबर को दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगा। हालांकि, भारत में यह सीरीज रिलीज होगी या नहीं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। नेटफ्लिक्स ने इस बारे में कुछ नहीं कहा है। सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है। इसकी कहानी फरहत इश्तियाक के इसी नाम के उर्दू उपन्यास पर आधारित है। इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी और माया अली नजर आएंगे। बेंगलुरु में विरोध के बाद पाकिस्तानी सीरीज ‘दर-ए-निजात’ की 2 स्क्रीनिंग रद्द बेंगलुरु में एक अन्य पाकिस्तानी ड्रामा सीरीज दर-ए-निजात की दो स्क्रीनिंग सोशल मीडिया पर विरोध के बाद रद्द कर दी गईं। ये कार्यक्रम 28 नवंबर और 5 दिसंबर को होने थे। पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने खुद दोनों कार्यक्रम रद्द किए। उन्होंने इसके लिए पुलिस से अनुमति भी नहीं ली थी। पहली स्क्रीनिंग फ्रेजर टाउन के एक रेस्टोरेंट में होनी थी। दूसरी स्क्रीनिंग माउवी प्राइवेट थिएटर में प्रस्तावित थी, जहां मेहमानों के लिए पाकिस्तानी कपड़े पहनने का ड्रेस कोड था। सीरीज का निर्देशन साकिब खान ने किया है। अगस्त में रिलीज हुई इस सीरीज के 23 एपिसोड को अक्टूबर तक सोशल मीडिया पर 1.7 अरब से ज्यादा व्यूज मिल चुके थे।