भोपाल के बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में शनिवार को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारत ने कोरिया को 2-1 से हरा दिया। भारत की ओर से मुमताज खान और सुनेलिता ने एक-एक गोल दागा। वहीं दिन के पहले मैच में चीन-मलेशिया मैच 2-2 से ड्रॉ रहा। दिन के दूसरे मैच में जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराया। देखिए तस्वीरें… भारतीय हॉकी टीम की कप्तान बोलीं- कोरिया ने मजबूत डिफेंस किया भारतीय हॉकी टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने कहा कि कोरिया के खिलाफ मुकाबला आसान नहीं था। कोरिया की टीम ने मजबूत डिफेंस किया और गोलकीपर ने भी अच्छे बचाव किए। भारतीय टीम ने लगातार सर्कल एंट्री की और गोल के मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआत में उन्हें सफलता नहीं मिली। इसके बावजूद टीम ने हार नहीं मानी और लगातार प्रयास जारी रखे। सलीमा ने कहा कि टीम ने एक गोल करने के बाद भी अगले गोल के लिए कोशिश जारी रखी। पेनल्टी कॉर्नर पर भी गोल निकला। उन्होंने माना कि टीम को गोल के मौकों और पेनल्टी कॉर्नर कन्वर्जन पर और काम करना होगा। इसके लिए खिलाड़ी मैच का वीडियो देखकर अपनी कमियों पर काम करेंगी। सलीमा ने कहा कि भारतीय टीम के लिए एशियन चैंपियंस ट्रॉफी जीतना बेहद जरूरी है। घरेलू मैदान पर खेलने से दर्शकों का समर्थन और उनकी आवाज खिलाड़ियों को काफी प्रेरित करती है। उन्होंने दर्शकों से आगे भी मैदान पर पहुंचकर टीम का उत्साह बढ़ाने की अपील की। सलीमा ने कहा कि टूर्नामेंट में कोई भी टीम आसान नहीं है, क्योंकि सभी टीमें लगातार सुधार कर रही हैं। भारत का फोकस किसी प्रतिद्वंद्वी के बजाय अपने खेल पर है और टीम एक-एक मैच पर ध्यान दे रही है। अब एक बार दिन के तीनों मैच पर डालिए नजर… मुमताज ने पहला गोल दागकर बढ़त दिलाई भारत की ओर से मुमताज खान ने 29वें मिनट (29:14) में पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद सुनेलिता टोप्पो ने 33वें मिनट (33:56) में दूसरा गोल कर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। तीसरे क्वार्टर तक भारतीय टीम इसी बढ़त के साथ मजबूत स्थिति में रही। मैच के 56वें मिनट (55:18) में कोरिया की हांग यंगयून ने गोल कर स्कोर 2-1 कर दिया। इसके बाद कोरिया ने बराबरी के लिए प्रयास किए, लेकिन भारतीय टीम ने आखिरी मिनटों में अपनी बढ़त कायम रखी और मुकाबला 2-1 से जीत लिया। मैच में भारत को कई पेनल्टी कॉर्नर मिले, हालांकि टीम उन्हें गोल में बदलने में सफल नहीं हो सकी। चीन- मलेशिया के बीच देखने को मिला कड़ा संघर्ष चीन और मलेशिया के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने दो-दो गोल किए और मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पहले दो क्वार्टर में दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। तीसरे क्वार्टर में मुकाबले ने रफ्तार पकड़ी और चीन की ओर से वेई किक्सियाओ ने 34वें मिनट (34:17) में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके कुछ ही देर बाद मलेशिया की अजहैरी अजमीरा ने 44वें मिनट (44:50) में गोल कर स्कोर बराबर कर दिया। इसके बाद चीन की फेंग जियाक्सिन ने 40वें मिनट (40:41) में गोल कर टीम को फिर बढ़त दिलाई, लेकिन मलेशिया की ओर से सिति मोहम्मद ने 30वें मिनट (30:50) में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर मुकाबला बराबरी पर ला दिया। दोनों टीमों ने आखिरी क्वार्टर में बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी गोल नहीं कर सकी। इस तरह रोमांचक मुकाबला 2-2 से ड्रॉ रहा। जापान ने दिखाया आक्रामक खेल जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराकर एकतरफा जीत दर्ज की। जापान की ओर से सासाकी रीस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो गोल दागे। उन्होंने मैच के 8वें मिनट (8:39) में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद 22वें मिनट (22:16) में दूसरा गोल कर जापान की स्थिति मजबूत कर दी। मैच के 40वें मिनट (40:15) में यामामोटो रीना ने तीसरा गोल दागकर जापान की जीत पक्की कर दी। थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में गोल करने में नाकाम रही। जापान को मैच के दौरान कई पेनल्टी कॉर्नर भी मिले, जबकि थाईलैंड की टीम एक भी गोल नहीं कर सकी। इस तरह जापान ने 3-0 के अंतर से मुकाबला अपने नाम किया। 24 नवंबर को चीन से भिड़ेगा भारत भारत को लीग चरण में 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से मुकाबला करना है। लीग चरण के सभी मुकाबले टीमों के लिए आगे की पोजिशन तय करने के लिहाज से अहम रहेंगे। तीनों मुकाबले भोपाल में खेले जाएंगे। टूर्नामेंट का लीग चरण 25 नवंबर तक चलेगा। इसके बाद 27 नवंबर को पोजिशन के आधार पर मुकाबले होंगे और 28 नवंबर को ब्रॉन्ज तथा गोल्ड मेडल के लिए मैच खेले जाएंगे।