भारतीय वायुसेना 14 से 16 सितंबर 2026 तक राजस्थान के जैसलमेर स्थित पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में तीन दिवसीय मेगा अभ्यास ड्रोनाथन-2026 का आयोजन करने जा रही है। इस अभ्यास का प्राथमिक उद्देश्य रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत को गति देना और अत्याधुनिक स्वदेशी मानव रहित हवाई प्रणालियों सहित एंटी ड्रोन तकनीकों की युद्धक क्षमता को परखना है। इस युद्धाभ्यास में तीनों सेनाओं के उच्चाधिकारी भाग लेंगे। रूस-यूक्रेन संघर्ष और मध्य पूर्व के हालिया तनावों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आधुनिक युद्ध क्षेत्र में सस्ते, सटीक और मानवरहित हथियार गेम-चेंजर साबित हो रहे हैं। विदेशी हथियारों पर निर्भरता घटाने के लिए वायुसेना इस आयोजन के जरिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले स्टार्टअप्स व कंपनियों से सीधे खरीद सौदे करेगी। कठिन मानकों पर खरे उतरने वाले ये स्वदेशी ड्रोन चीन और पाकिस्तान से सटी सीमाओं पर तैनात भारतीय सैनिकों को तकनीकी बढ़त दिलाएंगे, जिससे देश का सुरक्षा तंत्र अभेद्य बनेगा।