इंडस्ट्रियल एरिया की रोड नंबर 5 को चौड़ा करने की योजना है, लेकिन इसके डिवाइडर के हालात बदहाल हैं। यह महत्वपूर्ण मार्ग बीकानेर, गंगाशहर और नोखा रोड को आपस में जोड़ता है। रोजाना हजारों राहगीर और वाहन चालक यहां से गुजरते हैं। इसके बावजूद डिवाइडर पर चारों तरफ गोबर और गंदगी फैली हुई है, जिससे सड़क डस्टबिन में तब्दील हो गई है। इंडस्ट्रियल एरिया रोड नंबर 5 के डिवाइडर पर लंबे समय से गंदगी और गोबर के ढेर लगे हुए हैं। सफाई व्यवस्था ठप होने से आसपास के दुकानदार और राहगीर भारी दुर्गंध से परेशान हैं। एक तरफ सड़क को चौड़ा करने की प्रशासनिक कवायद चल रही है, वहीं दूसरी तरफ मुख्य डिवाइडर पर जमा कचरा नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रहा है। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बदबू के कारण व्यापार करना और खड़े रहना मुश्किल हो गया है। प्रशासन को तुरंत सफाई कर कचरा हटाना चाहिए।