इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के आगाज से पहले फ्रेंचाइजियों के बीच खिलाड़ियों की अदला-बदली का दौर तेज हो गया है। हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आएंगे। शमी पिछले सीजन तक लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का हिस्सा थे।

राजस्थान और लखनऊ के बीच हुआ खिलाड़ियों का अदला-बदली

इस ट्रेड डील के तहत राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने तीन खिलाड़ियों की अदला-बदली की है। मोहम्मद शमी के राजस्थान जाने के साथ ही इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन अब लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम से खेलते दिखाई देंगे। इससे पहले सैम करन राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा थे। इस अदला-बदली में लखनऊ के लेफ्ट आर्म स्पिनर एम. सिद्धार्थ भी राजस्थान रॉयल्स की टीम में शामिल हो गए हैं।

राजस्थान रॉयल्स के लिए शमी का आना काफी अहम माना जा रहा है। पिछले सीजन में टीम की पावरप्ले गेंदबाजी में रन रोकने की समस्या देखी गई थी। शमी के अनुभव और जोफ्रा आर्चर के साथ उनकी संभावित साझेदारी राजस्थान की गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती देगी। वहीं, सैम करन के आने से लखनऊ को एक बहुआयामी खिलाड़ी मिला है, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में योगदान देने के साथ कप्तानी का विकल्प भी बन सकते हैं।

हर्षल पटेल अब गुजरात टाइटंस का हिस्सा

सिर्फ राजस्थान और लखनऊ ही नहीं, बल्कि गुजरात टाइटंस ने भी अपनी टीम में बदलाव किया है। सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल अब गुजरात टाइटंस के लिए खेलते दिखेंगे। दोनों टीमों के बीच 4 करोड़ रुपये की 'ऑल-कैश' डील हुई है। हर्षल पटेल आईपीएल में अपनी गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं और वे दो बार पर्पल कैप भी जीत चुके हैं। गुजरात टाइटंस उनकी पांचवीं आईपीएल फ्रेंचाइजी होगी।

17 नवंबर है रिटेंशन की आखिरी तारीख

आईपीएल 2027 के लिए सभी 10 टीमों को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची 17 नवंबर तक बीसीसीआई को सौंपनी है। पहले यह समय सीमा 15 नवंबर थी, लेकिन इसे दो दिन आगे बढ़ा दिया गया था। हर टीम का कुल सैलरी कैप 157 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है, जिसके दायरे में ही सभी ट्रेड और रिटेंशन का प्रबंधन करना होगा।