इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 के रोमांच की शुरुआत अभी से हो गई है। आगामी सीजन से पहले खिलाड़ियों की अदला-बदली (Trade) का दौर तेज हो गया है। राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच तीन खिलाड़ियों का बड़ा ट्रेड हुआ है। इसके अलावा गुजरात टाइटंस ने भी अपनी गेंदबाजी लाइनअप को मजबूती देने के लिए एक अहम कदम उठाया है।

राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच ट्रेड

इस अदला-बदली के तहत अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी अब राजस्थान रॉयल्स की जर्सी में नजर आएंगे। राजस्थान रॉयल्स पिछले सीजन में पावरप्ले में गेंदबाजी की समस्याओं से जूझ रही थी। शमी के आने से टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिलने की उम्मीद है, जहां उनकी जोड़ी जोफ्रा आर्चर के साथ बन सकती है।

दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स ने इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर सैम करन को अपनी टीम में शामिल किया है। करन बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में लखनऊ के लिए एक अहम भूमिका निभा सकते हैं। इसके अलावा, लखनऊ के लेफ्ट आर्म स्पिनर एम. सिद्धार्थ भी राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ गए हैं।

हर्षल पटेल अब गुजरात टाइटंस में

इस बीच, सनराइजर्स हैदराबाद के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल भी अपनी टीम बदलते हुए नजर आएंगे। हर्षल अब गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए दिखाई देंगे। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों फ्रेंचाइजियों के बीच 4 करोड़ रुपये की 'ऑल-कैश डील' पर सहमति बनी है, जो गुजरात के ऑक्शन पर्स से काटी जाएगी। हर्षल को आईपीएल इतिहास में पर्पल कैप विजेता के रूप में जाना जाता है और गुजरात उनकी पांचवीं आईपीएल फ्रेंचाइजी होगी।

रिटेंशन की समयसीमा बढ़ी

सभी 10 फ्रेंचाइजियों के लिए अपने रिटेन और रिलीज खिलाड़ियों की सूची जमा करने की आखिरी तारीख अब 17 नवंबर है। पहले यह समयसीमा 15 नवंबर थी, लेकिन भारत-न्यूजीलैंड वनडे मैच के चलते इसे दो दिन आगे बढ़ाया गया है। नियमों के अनुसार, हर टीम के पास कुल 157 करोड़ रुपये का सैलरी कैप होगा और एक टीम में अधिकतम 25 खिलाड़ी हो सकते हैं, जिनमें विदेशी खिलाड़ियों की संख्या 8 से अधिक नहीं होगी।