राजस्थान में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए इंटीग्रेटेड टीचर एजुकेशन प्रोग्राम (आईटीईपी) में प्रवेश लेने वाले अभ्यर्थियों को एनसीईटी में प्राप्त स्कोर के आधार पर कॉलेज का आवंटन किया जाएगा। राज्य में आईटीईपी प्रवेश के लिए केंद्रीकृत ऑनलाइन काउंसलिंग आयोजित होगी। एनटीए की ओर से आयोजित नेशनल कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (एनसीईटी) में प्राप्त स्कोर को प्रवेश प्रक्रिया का आधार बनाया जाएगा। काउंसलिंग के दौरान पात्र अभ्यर्थियों को उनके स्कोर के आधार पर एनसीईटी से मान्यता प्राप्त शिक्षक शिक्षा संस्थानों में प्रवेश के लिए सीट आवंटित की जाएगी। काउंसलिंग में एनसीटीई के लागू एवं संशोधित विनियमों के साथ एनटीए और एनसीईटी से संबंधित प्रावधानों की पालना करनी होगी। समय-समय पर जारी होने वाले अन्य लागू दिशा-निर्देश भी प्रवेश प्रक्रिया में प्रभावी रहेंगे। वीएमओयू संभालेगा काउंसलिंग की जिम्मेदारी बीएड और डीएलएड के बाद अब आईटीईपी की जिम्मेदारी भी कोटा खुला विवि को मिली है। राज्य में प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा (वीएमओयू) को नोडल एजेंसी बनाया गया है। विश्वविद्यालय केंद्रीकृत ऑनलाइन काउंसलिंग के माध्यम से पात्र अभ्यर्थियों के संस्थान आवंटन की प्रक्रिया पूरी करेगा। मान्यता प्राप्त संस्थानों में ही मिलेगा प्रवेश : काउंसलिंग के जरिए केवल डब्ल्यूआरसी-एनसीटीई से मान्यता प्राप्त शिक्षक शिक्षा संस्थानों में आईटीईपी के लिए प्रवेश आवंटित किया जाएगा। राज्य सरकार ने छात्रहित में प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध और सुचारू रूप से पूरा करने के निर्देश दिए हैं।