जयपुर के आमेर थाना इलाके में रविवार देर रात हिट एंड रन का मामला सामने आया। कुंडा के पास रॉन्ग साइड से आई एक कार RJ 23 CE 3945 ने पहले बाइक सवार परिवार को टक्कर मारी। इसके बाद कार चालक ने मौके से भागने की कोशिश में एक अन्य कार समेत कई वाहनों को टक्कर मार दी। लोगों द्वारा पीछा किए जाने पर चालक कार को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। हादसे के दौरान गाड़ियों को टक्कर मारने के बाद गाड़ी का फ्रंट पूरी तरह डेमेज हो गया था। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 बजे कुंडा के पास एक कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार परिवार सड़क पर गिर गया। इसके बाद ड्राइवर ने कार को पीछे लिया और बाइक को दोबारा टक्कर मार दी। इस दौरान बाइक पर सवार बच्ची को बचाने के प्रयास में उसके पिता वेद प्रकाश सैनी घायल हो गए। उनके हाथ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद चालक ने कार रोकने के बजाय वहां से भागने की कोशिश की। इस दौरान कार ने एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार कुछ दूरी तक अन्य वाहनों को भी टक्कर मारते हुए आगे बढ़ी। इसके बाद कुछ बाइक सवारों ने कार का पीछा किया। लोगों को पीछे आता देख चालक कार को एक सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर आमेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है। आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे कार से बाइक को टक्कर लगी थी। इसके बाद कार चालक ने वहां से भागने का प्रयास किया और इस दौरान एक अन्य कार को भी टक्कर मार दी। कुछ बाइक सवारों ने कार का पीछा किया तो चालक वाहन को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।