जयपुर में 14 सितंबर को बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से कैश निकालकर बाहर आए कर्मचारियों से लूट के दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। रामनगरिया थाना क्षेत्र में अक्षयपात्र मंदिर के पास कर्मचारियों से हथियार की नोक पर तीन बदमाशों ने करीब 42 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुमित जांगम (26) निवासी चैनपुर जिला करौली हाल नीलगिरी अपार्टमेंट प्रताप नगर और पुष्पेंद्र मीणा (28) निवासी चैनपुर जिला करौली हाल नीलगिरी अपार्टमेंट प्रताप नगर के रूप में हुई है। पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि पुष्पेंद्र मीणा और सुमित जांगम करौली के जंगलों में छिपे हुए हैं। इस पर रामनगरिया थाने से हेड कॉन्स्टेबल नाहर सिंह के नेतृत्व में टीम करौली भेजी गई। पुलिस टीम ने तलाश के बाद दोनों आरोपियों को जंगल से पकड़ लिया और जयपुर लाकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इससे पहले पुलिस मामले में एक महिला आरोपी अंशु कुमारी जाटव (22) निवासी नदबई भरतपुर को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस अब तक लूटी गई रकम में से 26 लाख 80 हजार रुपए बरामद कर चुकी है। वारदात में इस्तेमाल वाहन और बाकी रकम की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। रेकी के बाद चुना ATM डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा ने बताया- जांच में सामने आया कि वारदात अचानक नहीं, बल्कि रेकी के बाद प्लान की गई थी। बैंक अधिकारियों से जानकारी मिली कि ATM में कैश डालने का समय निश्चित नहीं था। रैंडम तरीके से रुपए निकाले जाते थे। ऐसे में तब तीन दिनों की छुट्टियों के बाद ATM में बड़ी मात्रा में कैश जमा हो गया था। इसी आधार पर आरोपियों ने रेकी कर वारदात को अंजाम देने के लिए इस ATM को चुना था। पुलिस के मुताबिक- आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि उन पर काफी कर्ज था और उन्हें पैसों की जरूरत थी। ज्यादा रकम बैंक और ATM में मिलने की संभावना को देखते हुए उन्होंने बैंक और ATM की रेकी की थी। महिला स्टाफ होने की जानकारी के बाद बनाया प्लान पुलिस जांच के अनुसार- आरोपियों को यह भी पता था कि अक्षयपात्र मंदिर के पास स्थित बैंक ऑफ इंडिया के ATM में कैश डालने के दौरान ज्यादातर महिला स्टाफ की मौजूदगी रहती है। आरोपियों को लगा कि यहां लूट करना आसान होगा। इसके बाद उन्होंने पूरी वारदात को अंजाम दिया। पहले महिला आरोपी हुई थी गिरफ्तार DST टीम की जांच में वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान हो गई थी। पुलिस ने सबसे पहले अंशु कुमारी जाटव को 16 सितंबर को गिरफ्तार किया था। उससे पूछताछ के आधार पर सुमित जांगम, पुष्पेंद्र मीणा और मस्तराम मीणा के नाम सामने आए थे। महिला आरोपी से लूट के करीब 26.80 लाख रुपए बरामद किए गए थे। वारदात से जुड़ी ये खबरें भी पढ़िए- युवती ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर लूटे 41.70 लाख रुपए, गिरफ्तार:लड़की ने ही की थी बैंक कर्मचारियों की रेकी, किराए के कमरे से 26.80 लाख रुपए बरामद जयपुर में कैश डिपोजिट मशीन से रुपए निकालने गए बैंक कर्मचारियों से 41.70 लाख रुपए की लूट का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने बुधवार को युवती को अरेस्ट किया। (पूरी खबर पढ़ें) जयपुर में बैंक ATM पर पिस्तौल दिखाकर 42 लाख लूटे,VIDEO:कर्मचारियों ने डिपोजिट मशीन से निकाला था कैश, बैग छीनकर फरार हो गए बदमाश जयपुर में अक्षयपात्र चौराहे के पास बैंक ऑफ इंडिया के ATM बूथ पर 42 लाख रुपए की लूट हो गई। (पढ़िए पूरी खबर)