जयपुर में एक बॉडी बिल्डर के सुसाइड करने का मामला सामने आया है। फ्लैट के एक कमरे में रविवार दोपहर बॉडी बिल्डर का शव फंदे से लटका मिला। मृतक दो दिन पहले ही धर्म बहन से मिलने अहमदाबाद से आया था। करणी विहार थाना पुलिस ने FSL टीम की मदद से सबूत जुटाए। पुलिस ने कांवटिया हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के पास किसी प्रकार का सुसाइड नोट मिलने की बात से इनकार किया है। SHO (करणी विहार) सत्यपाल यादव ने बताया- दौसा के लालसोट निवासी लोकेश शर्मा उर्फ लक्की (30) पुत्र सुरेश चन्द शर्मा ने सुसाइड किया है। वह अहमदाबाद (गुजरात) में रहकर बॉडी बिल्डिंग करता था। दो दिन पहले वह जयपुर के करणी विहार स्थित जगदम्बा नगर में रहने वाली धर्म बहन से मिलने आया था। शनिवार रात को खाना खाने के बाद लोकेश कमरे में सोने चला गया। पीछे से देर रात कमरे में रस्सी का फंदा लगाकर लोकेश ने सुसाइड कर लिया। गेट खोलने पर मिली लाश परिवार के सुबह उठने के बाद भी लोकेश अपने कमरे से बाहर नहीं आया। दोपहर करीब 12 बजे तक नहीं उठने पर धर्म बहन जगाने पहुंची। काफी आवाज लगाने व गेट खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक के चलते धक्का देकर गेट खोलने पर अंदर लोकेश की लाश लटकी मिली। सुसाइड की सूचना पर करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने FSL टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया।