जयपुर में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोस्तों को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही बाइक पर सवार 4 दोस्तों में से 2 की मौत हो गई। दो दोस्तों के पैर कटकर अलग होकर ट्रक में लटक गए। दौलतपुरा थाना पुलिस ने घायलों को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया और ड्राइवर की तलाश कर रही है। ट्रक के अगले हिस्से में कटे पैर लटके मिले थानाधिकारी महावीर यादव ने बताया- हादसे में अवकेश (18) पुत्र रामकिशोर निवासी हरदोई (उत्तर प्रदेश) और प्रवीण (10) पुत्र प्रकाश की मौत हो गई। विकास पुत्र जितेंद्र और शिवम पुत्र बबलू को SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया है। चारों दोस्त रविवार रात को अपने एक दोस्त के घर पर रुके थे। सुबह उठकर एक ही बाइक पर घर जा रहे थे। सुबह करीब 6:45 बजे दौलतपुरा सर्विस रोड पर खेडवाड़ी पुलिया के नीचे से खेडवाड़ी जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो 2 दोस्त मृत मिले, जबकि 2 गंभीर हालत में थे। पुलिस ने टोल एम्बुलेंस की मदद से सभी को SMS हॉस्पिटल भेजा। घायलों के 1-1 पैर घुटने से नीचे से कटकर अलग हो गए। पुलिस को ट्रक के अगले हिस्से में दोनों कटे हुए पैर लटके मिले। चारों दोस्त उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं और हरमाड़ा इलाके में एक फैक्ट्री में काम करते थे।