जयपुर सीएमएचओ की फूड सेफ्टी टीम ने गुरुवार को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर छापेमारी की। टीम ने अलग-अलग सरकारी-प्राइवेट हॉस्पिटलों समेत शैक्षणिक संस्थानों में जांच अभियान चलाया। टीमों ने हॉस्पिटलों की कैंटिन, मैस और इनके बाहर संचालित ढाबों, फूड स्टॉल्स का दौरा कर खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए। वहीं, इस दौरान एक निजी यूनिवर्सिटी की कैटिंन में बिना पैकिंग और एक्सपायरी डेट के फूड प्रोडक्ट के डिब्बे मिले, जिन्हें जांच के लिए लिया गया। RUHS हॉस्पिटल में चल रही कैंटिन से फूड प्रोडेक्ट के लिए सैंपल CMHO जयपुर सेकेंड डॉ. मनीष मित्तल ने बताया- प्रताप नगर स्थित RUHS हॉस्पिटल में चल रही कैंटिन का दौरा कर वहां से चना दाल, रिफाइंड सोयाबीन तेल सैंपल लिए। इसके बाद टीम ने सीतापुरा स्थित महात्मा गांधी हॉस्पिटल जाकर वहां मौजूद कैंटीन में मरीजों और उनके परिजनों के लिए बनाई जा रही सब्जी की ग्रेवी और पनीर के सैंपल लिए। इसी तरह टीम ने प्रताप नगर स्थित नारायणा हॉस्पिटल से पनीर के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भिजवाए। निजी यूनिवर्सिटी की मैस की भी मिली थी शिकायत एक अन्य कार्रवाई में एक निजी यूनिवर्सिटी में भोजन की गुणवत्ता अच्छी नहीं होने के संबंध में कार्यालय के कंट्रोल रूम पर मिली शिकायत पर मैस की किचन का निरीक्षण किया। जहां कुछ खाद्य पदार्थों के पैकेट्स पर पैकिंग डेट और एक्सपायरी डेट अंकित नहीं थी। सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई। गुणवत्ता में कमी का अंदेशा होने पर पनीर का एक नमूना जांच के लिए लेकर सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए हिदायत दी।