जयपुर की सड़कों पर रविवार को सुबह की पहली किरण से पहले ‘ग्रीन फिट हाफ मैराथन सीजन-3’ में 10 हजार से ज्यादा धावकों ने दौड़ लगाई। डिप्टी सीएम दीया कुमारी ने मैराथन का फ्लैग ऑफ किया। इसमें देश के 17 राज्यों के साथ विदेश से भी रनर्स पहुंचे। ‘स्वस्थ भारत, हरित भारत, स्वच्छ भारत-एक जन आंदोलन’ और ‘रन फॉर ए ग्रीनर अर्थ’ के संदेश के साथ धावकों ने दौड़ लगाई। मैराथन के दौरान फिटनेस, स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए प्रत्येक रनर को एक पौधा दिया गया। उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी के साथ जयपुर सांसद मंजू शर्मा, उत्तर-पश्चिमी कमान के वरिष्ठ सैन्य अधिकारी पी.एस. शेखावत, जयपुर व्यापार महासंघ के सुभाष गोयल और आधार प्राइम के मैनेजिंग डायरेक्टर उज्ज्वल पुनिया सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्याधर नगर स्थित सन एंड मून कॉम्प्लेक्स के पास से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जैसे ही धावकों ने दौड़ शुरू की, पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। युवाओं के साथ बच्चों, महिलाओं और अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों ने भी इसमें भाग लिया। यहां देखिए इवेंट के PHOTO'S स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण का संदेश उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा कि फिट इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान केवल सरकारी पहल नहीं हैं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़े अभियान हैं। स्वस्थ शरीर से स्वस्थ मन का निर्माण होता है और स्वस्थ जीवन के लिए अपने आसपास स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण बनाए रखना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि फिटनेस को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता बढ़ाने और इसे जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। मैराथन की सबसे खास पहल पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी रही। आयोजन में शामिल हर प्रतिभागी को एक पौधा भेंट किया गया। आयोजकों के अनुसार, इसका उद्देश्य दौड़ को केवल फिटनेस गतिविधि तक सीमित न रखते हुए पर्यावरण संरक्षण से जोड़ना था। स्वस्थ जीवनशैली के साथ हरियाली बढ़ाने का संदेश ग्रीनफिट फाउंडेशन के संस्थापक वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मैराथन के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के साथ अपने आसपास हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण और हरित शहर के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। 21 किलोमीटर से लेकर 3 किलोमीटर फन रन मैराथन में अलग-अलग श्रेणियों में धावकों ने हिस्सा लिया। 21 किलोमीटर हाफ मैराथन, 10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ के साथ 3 किलोमीटर फन रन आयोजित किया गया। हर श्रेणी में प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ दौड़ लगाई। 21 किलोमीटर की दौड़ में अनुभवी धावकों के साथ बड़ी संख्या में युवाओं ने हिस्सा लिया, वहीं 5 और 10 किलोमीटर की दौड़ में विभिन्न आयु वर्ग के प्रतिभागियों की भागीदारी देखने को मिली। 3 किलोमीटर फन रन ने परिवारों और फिटनेस को लेकर उत्साहित लोगों को भी आयोजन से जुड़ने का मौका दिया। 21 किलोमीटर में ढोल राम और सलोनी रहे विजेता मैराथन में जीसीएल ड्रीम्स से रवि सिंघल और महेश यादव, ग्रीनफिट फाउंडेशन के मेंटर अजय अग्रवाल, खंडेलवाल हार्ट इंस्टीट्यूट से संजय खंडेलवाल, लायंस क्लब डिमांड की अध्यक्ष प्रीती सक्सेना, रीहैब हेल्थ केयर से अविनाश सैनी और बॉलीवुड सिंगर रवींद्र उपाध्याय सहित कई लोग शामिल हुए।