जयपुर में वर्ल्ड हार्ट डे पर करीब 200 साइक्लिस्ट्स ने हिस्सा लेकर हेल्दी हार्ट के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। ‘हेल्दी हार्ट साइक्लोथॉन’ में स्वस्थ दिल और फिटनेस का संदेश देने के लिए रविवार को मानसरोवर स्थित प्रियंका हॉस्पिटल एंड कार्डियक सेंटर से साइक्लोथॉन रवाना हुई। इसमें राजस्थान पुलिस के महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने खुद करीब 12 किलोमीटर साइकिल चलाई। साइक्लोथॉन में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विजय कुमार सिंह और वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जी.एल. शर्मा ने भी साइकिल चलाई। डॉक्टर्स ने लोगों को रोज आधे घंटे एक्सरसाइज के लिए कहा। इवेंट की फोटोज देखिए डीजीपी ने 12 किलोमीटर साइकिल चलाकर दिया संदेश साइक्लोथॉन में डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने लगभग 12 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय की। उन्होंने कहा- स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क और मजबूत दिल का वास होता है। उन्होंने नियमित रूप से सक्रिय रहने और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फिट रहने के लिए साइकिलिंग एक अच्छा माध्यम है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस के शीर्ष अधिकारियों और चिकित्सक को आम लोगों के साथ साइकिल चलाते देख सड़क किनारे मौजूद लोगों ने भी उनका उत्साह बढ़ाया। कई स्थानों पर लोगों ने तालियां बजाकर साइक्लोथॉन में शामिल प्रतिभागियों का स्वागत किया। डॉक्टर ने बताया: इलाज से पहले बचाव जरूरी वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. जी.एल. शर्मा ने कहा- हार्ट रोगों से बचाव के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बीमारी होने के बाद इलाज कराने से बेहतर है कि पहले से ही उसके जोखिम को कम करने के लिए जीवनशैली में बदलाव किए जाएं। उन्होंने लोगों को रोजाना कम से कम 30 मिनट शारीरिक गतिविधि के लिए समय निकालने का संदेश दिया। उनके अनुसार नियमित साइकिलिंग जैसी गतिविधियां व्यक्ति को सक्रिय रखने के साथ हृदय स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद करती हैं। पूर्व ओलंपियन गोपाल सैनी भी रहे मौजूद कार्यक्रम में भारतीय एथलीट और पूर्व ओलंपियन गोपाल सैनी गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने साइक्लोथॉन में भाग लेने वाले प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि जब समाज के जिम्मेदार लोग स्वयं आगे बढ़कर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली का उदाहरण प्रस्तुत करते हैं, तो उसका प्रभाव आम लोगों पर भी पड़ता है।