जयपुर के कानोता थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात दूध सप्लाई कर घर लौट रहे एक कारोबारी पर 7 युवकों ने हमला कर दिया। 2 बाइकों पर आए बदमाशों ने दूध कारोबारी को रास्ते में रोककर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। मामले में पुलिस ने 2 युवकों को राउंडअप किया है। दूध के रेट को लेकर सामने आया विवाद कानोता थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह के मुताबिक, नायला गांव निवासी राधाकिशन शर्मा शहर में दूध सप्लाई करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राधाकिशन और उनके पड़ोसी भी दूध बेचने का काम करते हैं। राधाकिशन 50 रुपए में दूध बेचते हैं, जबकि पड़ोसी पक्ष 60 रुपए किलो में दूध बेचता है। दूध की कीमत को लेकर ही दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार, पड़ोसी की बेटी ने यह बात अपने परिचित युवक को बताई थी। इसके बाद कुछ युवक शुक्रवार रात राधाकिशन को रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट करने की नीयत से पहुंचे थे। दो बाइक पर आए थे 7 युवक मौके पर पकड़े गए युवक ने भीड़ को बताया कि कुल 7 लोग दो बाइक से आए थे। उसके मुताबिक, साथियों ने पहले ही बताया था कि दूध की टंकियां लेकर जाने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट करनी है। उन्हें यह भी बताया गया था कि दूध वाला करीब साढ़े नौ बजे टंकियां लेकर उस रास्ते से गुजरता है। आरोपी ने यह भी बताया कि साथियों ने पहले आगे चल रही एक गाड़ी के व्यक्ति के साथ मारपीट की थी। इसके बाद दूध कारोबारी को निशाना बनाया गया। हालांकि, उसका कहना था कि वह खुद वहां से बचकर भागने की कोशिश कर रहा था। भीड़ के सामने आया गैंग के सरगना का WhatsApp कॉल पकड़े गए युवक से भीड़ ने पूछताछ की। उसने बताया कि वह गुरदाड़ा फैक्ट्री से आया था और वह टाइल भरने का काम करता है। आरोपी ने कहा कि वह प्रदीप के कहने पर यहां पहुंचा था। इसी दौरान आरोपी के मोबाइल पर WhatsApp कॉल आया था। भीड़ ने कॉल रिसीव करवाकर सामने वाले व्यक्ति से बात करने की कोशिश की। आरोपी ने फोन पर कहा- "बना, एक बार यहां आ जाओ।" दूसरी तरफ से 'हेलो-हेलो' की आवाज आई और कॉल कट गया। आरोपी ने भीड़ को बताया कि यह फोन राहुल बना का है। इसके बाद उसने मोबाइल में उस युवक की फोटो भी दिखाई, जिसके बारे में उसने बताया कि वह उसे अपने साथ लेकर आया था।
मोबाइल में हथियारों के साथ रील मिली पुलिस ने जिन 2 आरोपियों को राउंडअप किया है उनके फोन से हथियारों के साथ बनाई रील भी मिली है। पुलिस के अनुसार, रील में युवक सरिये, डंडे और एयरगन के साथ नजर आ रहे हैं। पुलिस अब मोबाइल में मिले वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। पुलिस ने दो आरोपियों को किया राउंडअप घटना की सूचना मिलने पर कानोता थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले में अब तक दो आरोपियों को राउंडअप किया है। पीड़ित राधाकिशन शर्मा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसीपी कानोता हजारी लाल यादव ने बताया कि फिलहाल मामला मारपीट से जुड़ा है। दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। लूट के एंगल की भी जांच की जा रही है कि आरोपी वास्तव में लूट करने पहुंचे थे या मारपीट के इरादे से। थानाधिकारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दूध के रेट को लेकर विवाद की बात सामने आई है। आरोपियों से पूछताछ के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। --- ये खबर भी पढ़ें…. जयपुर- सेंट्रल पार्क से चार्टर्ड अकाउंटेंट का किडनैप:मर्सिडीज कार में लेकर भागे, 15KM दूर पलटी गाड़ी, CA को छोड़कर आरोपी फरार जयपुर के सेंट्रल पार्क की पार्किंग से दो बदमाशों ने एक 50 साल के चार्टर्ड अकाउंटेंट राजीव गुप्ता का अपहरण कर लिया। मोती डूंगरी थाना क्षेत्र के रहने वाले सीए ने पुलिस को बताया कि मॉर्निंग वॉक के बाद वे अपनी मर्सिडीज कार में बैठ रहे थे। (पूरी खबर पढ़ें)