जयपुर में कमरे में फंदे से शव लटके मिलने के मामले में नया मोड आ गया है। मौत के तीन महीने बाद मृतक की पत्नी और बेटी पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मृतक की बहन का आरोप है कि झगड़े के बाद भाई की पत्नी और बेटी ने उसका सिर फोड़ दिया था। दोनों ने सबूत मिटाने के लिए खून से सने कपड़ों को जलाकर फर्श को धो दिया था। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने गुरुवार रात मृतक की पत्नी-बेटी और साले के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। SHO (शिवदासपुरा) राजेश गौतम ने बताया- शिवदासपुरा के बीलवा निवासी कालू स्वामी (38) की 3 महीने पहले मौत हुई थी। अब दिल्ली बाईपास की रहने वाली मृतक की बहन ममता शर्मा (40) ने कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। रिपोर्ट में बताया कि कालू स्वामी अपनी पत्नी अनिता (37), बेटी चंचल (18) और साले गजानंद (35) के साथ रहता था। अपनी बेटी के व्यवहार को सुधारने को लेकर कालू उसे टोकता रहता था। खून से लथपथ मिला था बहन ने रिपोर्ट में बताया कि 12 जून को बेटी चंचल की बात को लेकर कालू और उसकी पत्नी अनिता के बीच झगड़ा हुआ था। उसके सिर पर कूकर से वार किया था। तब कालू ने अपने फ्लैट मालिक गोविन्द को कॉल कर हॉस्पिटल जाने के लिए बुलाया था। रात करीब 9 बजे कालू का भाई संजय भी पहुंचा था। उसे कालू खून से लथपथ मिला था। उसके सिर के पिछले हिस्से से खून बह रहा था और तौलिए से उसने अपना सिर दबा रखा था। फ्लैट पर उसकी पत्नी अनिता व बेटी चंचल और फ्लैट मालिक गोविन्द थे। कालू के भाई को अनिता ने झगड़ा होना बताया था। इसके बाद फ्लैट मालिक और भाई संजय ने कालू की पत्नी और बेटी को समझाया। इस बीच साला गजानंद भी फ्लैट पर आ गया था। समझाइश कर वह अपने-अपने घर लौट गए। फंदे से लटका मिला शव, गले पर नहीं थे निशान करीब 11 बजे साले गजानद ने कॉल कर बताया कि जीजा कालू ने फंदा लगा लिया है। उन्होंने गेट अंदर से बंद होना बताया। कालू का भाई फ्लैट पहुंचा तो पत्नी-बेटी और साला मेन गेट के बाहर बैठे मिले। बहन का आरोप है कि संजय पहली मंजिल पर फ्लैट पर पहुंचा और गेट को धक्का दिया। तब गेट आसानी से खुल गया था। अंदर से गेट बंद नहीं होने पर झूठ बोलने के बारे में पूछने पर जबाव नहीं दिया। चादर के फंदे से लटके शव के पैर जमीन पर टिके थे। गले की जगह रस्सी मुंह पर बंधी हुई थी। फंदे से उतारकर कालू को तुरंत आरयूएचएस हॉस्पिटल ले गए, डॉक्टर्स ने चेकअप के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या कर सबूत मिटाने का आरोप आरोप है कि कालू के गले पर रस्सी के फंदे को कोई निशान नहीं था। हत्या कर आत्महत्या का रुप देने के लिए ऐसा किया। कालू की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया। कालू की हत्या में उसकी पत्नी-बेटी और साला शामिल है। हत्या के बाद कालू के मोबाइल में बनाए फोटो-वीडियो डिलिट कर दिए गए। कालू ने अपने सिर में लगी हुई खून की फोटो फेसबुक पर भी अपलोड की थी, उसे भी डिलिट कर दिया गया। कमरे में फर्श पर बिखरे खून को साफ कर दिया गया। खून से सने कपड़ों को जला दिए गए। शिवदासपुरा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया गया था। पुलिस की ओर से मर्ग दर्ज कर जांच की जा रही थी।