जर्मनी में आयोजित फ्रैंकफर्ट बुक फेयर 2026 में भारतीय साहित्य और सांस्कृतिक विरासत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया गया। प्रभा खेतान फाउंडेशन के मैनेजिंग ट्रस्टी एवं कल्चरिस्ट संदीप भूतोड़िया ने विशिष्ट अतिथि के रूप में इंडिया नेशनल स्टैंड का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारत के कौंसल जनरल दीपक बंसल और नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया के निदेशक युवराज मलिक भी मौजूद रहे। औपचारिक उद्घाटन के साथ ही अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेले में भारत की साहित्यिक परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में फ्रैंकफर्ट बुक फेयर की वाइस प्रेसिडेंट (बिजनेस डेवलपमेंट-एशिया, अफ्रीका एवं अरब वर्ल्ड) क्लाउडिया कैसर, नेशनल बुक ट्रस्ट के चीफ एडिटर एवं जॉइंट डायरेक्टर कुमार विक्रम, भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के केंद्रीय हिंदी निदेशालय के निदेशक हितेंद्र कुमार मिश्रा और साहित्य अकादमी के सचिव डॉ. वरुण गुलाटी भी उपस्थित रहे। विभिन्न साहित्यिक और सांस्कृतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने इस आयोजन को भारत की पुस्तक संस्कृति और वैश्विक साहित्यिक संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण बनाया। वैश्विक मंच पर भारतीय साहित्य की पहचान फ्रैंकफर्ट बुक फेयर दुनिया के प्रमुख अंतरराष्ट्रीय पुस्तक मेलों में शामिल है। यहां विभिन्न देशों के प्रकाशक, लेखक, साहित्यिक संस्थाएं और पुस्तक उद्योग से जुड़े प्रतिनिधि एकत्र होते हैं। ऐसे मंच पर इंडिया नेशनल स्टैंड का उद्घाटन भारतीय साहित्य, भाषाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।