24 अक्टूबर को जयपुर के JECC सीतापुरा में होने वाले भारतीय-अमेरिकी सिंगर जैस्मीन सैंडलस के 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' के तहत होने वाले शो से ठीक पहले बड़ा एक्शन हुआ है। चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से एक एडवाइजरी जारी की गई है, जिसमें शो के संभावित गानों को लेकर चिंता जताई गई है। इससे पहले पिछले साल मार्च में SKIT कॉलेज में हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा का शो पुलिस ने बीच में ही रुकवा दिया था। आखिर जैस्मीन कौन है, उनके शो से पहले क्या बवाल हुआ है, जयपुर में किस तरह के गानों पर आपत्ति जताई जा रही है, यही जानेंगे आज के राजस्थान एक्सप्लेनर में। सवाल 1 - शो से पहले किसने जारी की एडवाइजरी और क्या दी सलाह? जवाब: जैस्मीन भारतीय-अमेरिकी सिंगर और परफॉर्मर है, जो मुख्य रूप से पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री और बॉलीवुड में दमदार और अनूठी आवाज के लिए जानी जाती है। म्यूजिक इंडस्ट्री में उन्हें 'गुलाबी क्वीन' के नाम से भी जाना जाता है। जैस्मीन सैंडलस का जन्म जालंधर में हुआ और बचपन कैलिफोर्निया में बीता। इसी वजह से उनकी गायकी में पंजाबी लोक और वेस्टर्न पॉप दोनों का असर नजर आता है। 2012 में बोहेमिया के साथ एल्बम गुलाबी के बाद से उन्हें गुलाबी क्वीन कहा जाने लगा। बॉलीवुड में बड़ी पहचान 2014 में फिल्म किक के गाने यार न मिले से मिली। इसके बाद सिप सिप, लड्डू, इल्लीगल वेपन और मुंज्या फिल्म का गाना तरस जैसे हिट सॉन्ग्स दिए। वो सिंगर के साथ लिरिसिस्ट (गीतकार) और कंपोजर (संगीतकार) भी हैं। सवाल 2 - क्या जैस्मीन के शो में पहले भी बवाल हुए हैं? जवाब: हां, बीते एक साल में जैस्मीन के 2 शो विवादों में रहे हैं। पहला - मोहाली, अक्टूबर 2026। 'द ड्रीम गर्ल इंडिया टूर' के तहत मोहाली के सेक्टर 67 में शो से एक दिन पहले, सामाजिक कार्यकर्ता प्रोफेसर पंडित राव धरेनवर ने मोहाली पुलिस को एक शिकायत पत्र लिखा था। उन्होंने मांग की थी कि जैस्मीन के शो में हथियारों, शराब और नशीले पदार्थों को बढ़ावा देने वाले गानों पर रोक लगाई जाए। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने आयोजकों को सख्त निर्देश दिए थे कि कार्यक्रम में कोई भी ऐसी प्रस्तुति न हो जो नियमों के खिलाफ हो। दूसरा - अप्रैल 2026 में 'लिप-सिंक विवाद' हुआ था। जो अहमदाबाद में 19 अप्रैल 2026 को हुए लाइव कंसर्ट से जुड़ा है। इस शो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था। जिसके बाद सिंगर को भारी आलोचना का सामना करना पड़ा था। सवाल 3 - जयपुर में मासूम शर्मा सहित और किन सिंगर्स के शो को लेकर बवाल हुए हैं? जवाब: ये तीसरा बड़ा विवाद है। 1. मासूम शर्मा - SKIT कॉलेज, मार्च 2025। मासूम शर्मा लाइव गा रहे थे। उन्होंने 'तेरी मीठी-मीठी बात' जैसे गाने गाए, लेकिन फैंस ने 'एक खटोला जेल के भीतर, एक खटोला जेल के बाहर' गाने की डिमांड की। मासूम ने पहले कहा कि "म्हारे हरियाणा में तो ये गाने बैन हो रहे हैं, यहां पता नहीं क्या सिस्टम है" और फिर बिना म्यूजिक के गाना शुरू कर दिया। जैसे ही म्यूजिक के साथ गाया, ACP सांगानेर विनोद शर्मा खुद मंच पर चढ़ गए और शो बंद करवा दिया। कारण दो थे - रात 10 बजे के बाद DJ बजाने पर पाबंदी और हरियाणा सरकार की ओर से गन कल्चर के आरोप में बैन किए गए गानों में उनका 'खटोला-2' भी शामिल है। इससे पहले गुरुग्राम में भी उनका शो रोका गया था। 2. पीयूष मिश्रा - फेमस एक्टर और सिंगर मिश्रा का उनके बैंड 'बल्लीमारान' के साथ मार्च 2026 में जयपुर में एक लाइव शो प्रस्तावित था। लेकिन कुछ तकनीकी कारणों के चलते उन्होंने जयपुर, थाणे और अहमदाबाद का अपना पूरा टूर स्थगित (कैंसिल) कर दिया था। सवाल 4 - किस तरह के गाने गाती हैं जैस्मीन और जयपुर में क्या गाने की उम्मीद है? जवाब: जैस्मीन की पहचान तीन तरह के गानों से है। पहला - पंजाबी पॉप और भांगड़ा - जैसे 'गुलाबी', 'लड्डू', 'पटोला' टाइप बीट्स। दूसरा - बॉलीवुड डांस नंबर - 'यार ना मिले', और 2024 में 'मुंज्या' फिल्म का 'तरस' जो बहुत हिट रहा था। तीसरा - बेबाक और डबल मीनिंग वाले लिरिक्स - यही वजह है कि उनके 'इल्लीगल वेपन', 'व्हिस्की' जैसे गानों को लेकर कुछ सामाजिक कार्यकर्ता आपत्ति जताते हैं कि ये हथियार और शराब को कूल दिखाते हैं। जयपुर में होने जा रहे शो की थीम गुलाबी जयपुर में जैस्मीन का शो आज (24 अक्टूबर) शाम 7 बजे JECC में है। इस इवेंट के ऑर्गेनाइजर ब्लू ओशियन इवेंट्स एंड एंटरटेनमेंट है। उनके शो के टिकट्स की कीमत 1299 रुपए से लेकर 1,50,000 रुपए तक है। शो को लेकर ऑर्गेनाइजर ने गुलाबी थीम रखी है। इसलिए गुलाबी ड्रेस में आने वाली फैंस को मीट एंड ग्रीट का चांस भी दिया जा रहा है। एडवाइजरी में क्या कहा गया एडवाइजरी में कहा गया है कि JECC में होने वाला शो सभी आयु वर्ग के लिए खुला है, इसमें बच्चों की मौजूदगी भी संभव है। ऐसे में मंच से तंबाकू, शराब और हथियारों का महिमामंडन करने वाले गानों की प्रस्तुति नहीं देने की सलाह दी गई है। साथ ही चार गानों का नाम लिया गया है - इल्लीगल वेपन, सिप सिप, फेम और व्हिस्की दी बोतल। कहा गया है कि ये गाने नशे को आकर्षक तरीके से दिखाते हैं और बच्चों पर नकारात्मक असर डाल सकते हैं। किशोर न्याय अधिनियम की धारा 3(v) में बच्चों के सर्वोत्तम हित का हवाला देते हुए आयोजकों से कहा गया है कि इन गानों को न गाए। इसकी कॉपी बाल कल्याण समिति, जिला बाल संरक्षण इकाई और सांगानेर सदर थाने को भी भेजी गई है।