मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता और सेवाओं में करौली जिले को राजस्थान में पहला स्थान मिला है। 10 अक्टूबर को जयपुर में हुए समारोह में करौली की टीम को सम्मानित किया गया। यह सम्मान मानसिक स्वास्थ्य माह (10 सितंबर से 10 अक्टूबर) के कार्यक्रमों पर आधारित था। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सतीश चंद मीना ने बताया कि 'राज ममता-मन दर्पण' कार्यक्रम के तहत अभियान चला। इसका मकसद मानसिक तनाव, अवसाद, चिंता और आत्महत्या की प्रवृत्ति रोकने के लिए लोगों को जागरूक करना था। अभियान के दौरान जिले के अस्पतालों, स्कूलों और कॉलेजों में कार्यशालाएं, व्याख्यान, पेंटिंग, वाद-विवाद, ओपन माइक, सामूहिक शपथ और सोशल मीडिया से जागरूकता गतिविधियां हुईं। जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. प्रेमराज मीना ने बताया कि मिशन निदेशक एनएचएम जोगाराम की मौजूदगी में करौली की टीम को पुरस्कार मिला। टीम में प्रिंसिपल डॉ. आरसी मीना, सीएमएचओ डॉ. सतीश मीना, डॉ. प्रेमराज मीना, साइकेट्रिक नर्स गौरव गोयल और सीआरए गौरव शर्मा थे।