जयपुर के करधनी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी व्यवसायी को निर्माण कार्य और व्यावसायिक गतिविधियों पर कार्रवाई कराने का डर दिखाकर धमकी दी। आरोपी रामनिवास मंडोलिया और उसके दो साथियों ने ब्लैकमेल कर व्यवसायी से 1.46 लाख रुपए ठग लिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने व्यवसायी नैनाराम पर उसके मार्ट की फ्रेंचाइजी देने का भी दबाव बनाया। जिसके बाद करधनी थाना पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई करते हुए कालवाड़ निवासी रामनिवास मंडोलिया को कालवाड़ से दबोच लिया और शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। करधनी थानाधिकारी सवाई सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यवसायी नैनाराम ने 26 सितंबर को इस संबंध में करधनी थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायत में रामनिवास मंडोलिया, विवेक जादौन और कमल देगड़ा को नामजद किया गया है। कार्रवाई का डर दिखाकर ब्लैकमेल करने का आरोप पीड़ित की शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों के संबंध में कार्रवाई कराने का डर दिखाकर उससे 1.46 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद आरोपी मार्ट की फ्रेंचाइजी देने के लिए भी दबाव बनाने लगे। आरोपियों की इस हरकत से परेशान होकर व्यवसायी ने पुलिस की शरण ली। पुलिस जांच में जुटी पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका को लेकर भी आगे की कार्रवाई की जाएगी।