जयपुर नगर निगम में आज डिप्टी मेयर को लेकर वोटिंग की जाएगी। बीजेपी से राजेंद्र सैनी उप महापौर के लिए दावेदार हो सकते हैं। नगर निगम मुख्यालय में शनिवार सुबह 10 बजे से चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। इसके बाद 11:30 बजे नामांकन-पत्रों की जांच होगी। दोपहर 2 बजे तक प्रत्याशियों को नाम वापस लेने का मौका मिलेगा। इसके बाद मुकाबला बचा तो दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक पार्षद मतदान करेंगे। मतदान खत्म होते ही मतगणना होगी और डिप्टी मेयर के नाम का ऐलान कर दिया जाएगा। डिप्टी मेयर चुनाव के साथ ही जयपुर नगर निगम में नई सत्ता की तस्वीर पूरी तरह साफ हो जाएगी। मेयर पद पर शुक्रवार को भाजपा के सुनील कोठारी ने कांग्रेस की महापौर प्रत्याशी सुनीता मावर को 29 वोट से हराकर जीत दर्ज की। बाड़ेबंदी के बाद निगम में आज फिर जुटेंगे पार्षद मेयर चुनाव से पहले भाजपा और कांग्रेस ने अपने पार्षदों की बाड़ेबंदी की थी। अब डिप्टी मेयर चुनाव के लिए पार्षद फिर नगर निगम मुख्यालय पहुंचेंगे। मतदान की स्थिति बनने पर सभी पार्षद अपने मत का इस्तेमाल करेंगे। इसके बाद लंबे समय से चली आ रही बाड़ेबंदी खत्म होने की संभावना है। निर्दलीय पार्षदों को लेकर भी दोनों खेमों में संपर्क और बातचीत का दौर चला है। भाजपा की ओर से निर्दलीय पार्षदों के समर्थन का दावा किया गया है। हालांकि अंतिम तस्वीर मतदान के बाद ही स्पष्ट होगी। नामांकन से लेकर नतीजे तक 7 घंटे का चलेगा सियासी ड्रामा डिप्टी मेयर चुनाव की शुरुआत सुबह 10 बजे होगी। 11 बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यदि नाम वापसी के बाद केवल एक प्रत्याशी मैदान में बचता है तो उसे निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया जाएगा। यदि दो या उससे अधिक प्रत्याशी मैदान में रहते हैं तो दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके तुरंत बाद वोटों की गिनती होगी और परिणाम घोषित किया जाएगा।