जयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव के लिए चार प्रत्याशी मैदान में हैं। इन प्रत्याशियों के भरे गए नामांकन पत्रों की सोमवार को जांच की गई। नामांकन के आखिरी दिन आए चार आवेदन जांच में सही पाए गए। भाजपा से सुनील कोठारी और कांग्रेस से सुनीता मावर मेयर पद के लिए उम्मीदवार हैं। वहीं निर्वाचन आयोग ने दो प्रत्याशियों पार्षद सुनीता मेठी और दशरथ अटल को निर्दलीय के तौर पर प्रत्याशी माना है। अब 22 सितंबर तक नाम वापसी का समय है। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि सुनीता मेठी और दशरथ अटल 22 सितंबर को अपना नाम वापस ले सकते हैं। चार प्रत्याशियों ने भरा था नामांकन निर्वाचन आयोग से जारी रिपोर्ट के मुताबिक- कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर पार्षद दशर​थ अटल, सुनीता मेठी और सुनीता मावर ने नामांकन पत्र भरा। जबकि भाजपा की तरफ से सुनील कोठारी को उम्मीदवार बनाकर नामांकन पत्र भरवाया गया। हालांकि कांग्रेस की तरफ से अधिकारिक तौर पर सिंबल सुनीता मावर को जारी किया गया। इसके चलते अन्य दो प्रत्याशी सुनीता मेठी और दशरथ अटल को निर्दलीय प्रत्याशी निर्धारित करते हुए नामांकन पत्रों की जांच की गई। कल दोपहर 3 बजे तक नाम वापसी चुनाव मैदान में मौजूद चारों प्रत्याशियों के पास नाम वापस लेने के लिए 22 सितंबर दोपहर 3 बजे तक का समय है। मंगलवार दोपहर 3 बजे तक अगर कोई नाम वापस नहीं लेता है तो निर्वाचन आयोग चुनाव लड़ने के लिए बाकी प्रत्याशियों को सिंबल जारी करेगा। 25 सितंबर को होगी वोटिंग जयपुर नगर निगम के मेयर चुनाव के लिए अब 25 सितंबर को नगर निगम मुख्यालय लालकोठी पर ही वोटिंग होगी। वोटिंग सुबह 10 बजे से चालू होगी और दोपहर 2 बजे तक करवाई जाएगी। वोटिंग खत्म होने के बाद मौके पर ही वोटों की काउंटिंग शुरू की जाएगी। संभावना है कि दोपहर 3 बजे ​तक रिजल्ट घोषित किया जाएगा।