लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ियों में सजी महिलाएं, मां दुर्गा की आराधना, एक-दूसरे के माथे पर सिंदूर और खुशियों के बीच थिरकते कदम… जयपुर में पश्चिम बंगाल की पारंपरिक संस्कृति की ऐसी ही खूबसूरत झलक देखने को मिली। महिला संगठन शक्ति फाउंडेशन की ओर से होटल ग्रैंड उनियारा में आठवें सिंदूर खेला समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की और एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर आपसी प्रेम, सौहार्द और सिस्टरहुड का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सिंदूर खेला की परंपरा और उसके सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देने के साथ हुई। इसके बाद विधिवत पूजा की गई। बंगाल की पारंपरिक लाल बॉर्डर वाली सफेद साड़ियों में सजी महिलाओं ने पान के पत्तों से मां दुर्गा को सिंदूर अर्पित किया। इसके बाद एक-दूसरे को सिंदूर लगाकर इस परंपरा को निभाया। आयोजन के लिए मां दुर्गा की विशेष इको-फ्रेंडली प्रतिमा, पारंपरिक वस्त्र और पूजा की थालियां कोलकाता से मंगवाई गई थीं।
मां दुर्गा की आरती कर मांगा सुख-समृद्धि का आशीर्वाद सिंदूर खेला की रस्म के दौरान महिलाओं ने बारी-बारी से मां दुर्गा की आरती की और अपने परिवार की खुशहाली, सुख-समृद्धि तथा सुहाग की लंबी उम्र की कामना की। इसके बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और पारंपरिक अंदाज में नृत्य कर उत्सव मनाया। इस आयोजन की खासियत यह रही कि इसमें विवाहित महिलाओं के साथ अविवाहित महिलाओं ने भी उत्साह से भाग लिया। सभी ने मिलकर परंपरा का आनंद लिया और आपसी मेल-मिलाप के साथ एकजुटता का संदेश दिया। आयोजन में धार्मिक आस्था के साथ महिलाओं के बीच सहयोग, मित्रता और सामूहिकता की भावना भी देखने को मिली।
आठ वर्षों से जयपुर में बंगाल की परंपरा को सहेज रहा फाउंडेशन शक्ति फाउंडेशन की संस्थापक सोनाक्षी वशिष्ठ ने कहा कि जयपुर में सिंदूर खेला का यह आठवां वर्ष है। उन्होंने कहा कि हमारे लिए सिंदूर खेला केवल एक धार्मिक रस्म नहीं है, बल्कि विभिन्न वर्गों की महिलाओं को एक मंच पर लाकर नारी शक्ति, समावेशिता और सिस्टरहुड की भावना को बढ़ावा देने का अवसर है। समय के साथ यह आयोजन महिलाओं के आपसी मेल-मिलाप और एकजुटता का मंच बन गया है, जहां वे साथ मिलकर खुशियां साझा करती हैं। कार्यक्रम में फाउंडेशन की को-फाउंडर शैलजा शर्मा और शिखा मेहरा सहित डॉ. सुप्रिया गुप्ता, निमिषा गुप्ता, मुंबई से आईं निधि तोमर, रश्मि बहेती, श्रुति लूथरा, युक्ति शर्मा और चेताली सेन गुप्ता सहित अन्य सदस्य मौजूद रहीं। सिंदूर खेला समारोह में इस बार भी महिला उद्यमियों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने के लिए मंच उपलब्ध कराया गया। शक्ति फाउंडेशन की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को अपने व्यवसाय और रचनात्मक कार्यों को आगे बढ़ाने के अवसर देना है। कार्यक्रम में राधिका पंचोली ने अपने स्टार्टअप ‘जयपुरोमा’ के तहत लग्जरी परफ्यूम्स प्रदर्शित किए। वहीं, संस्कृति शर्मा और नीरल शर्मा ने अपने ब्रांड ‘गिफ्ट हैम्पर्स’ के अंतर्गत सेंटेड कैंडल्स की रेंज पेश की। स्मिता अग्रवाल ने सूट मटेरियल के स्टॉल के जरिए अपने उत्पादों को प्रदर्शित किया। इस पहल के माध्यम से सांस्कृतिक आयोजन के साथ महिला उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया गया।