जयपुर में ट्रैफिक पुलिस की ओर से लागू वन-वे व्यवस्था के विरोध में दुकानदार सड़क पर उतर आए हैं। शुक्रवार सुबह सुभाष चौक से बड़ी चौपड़ तक व्यापारियों ने अपनी दुकानें बंद कर विरोध जताया। सुभाष चौक व्यापार मंडल के नेतृत्व में करीब 155 दुकानें बंद रखी गईं। व्यापारी वन-वे व्यवस्था के खिलाफ ज्ञापन देने के लिए बड़ी चौपड़ पहुंचे, जहां विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। वन-वे से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित सुभाष चौक व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल और महामंत्री महावीर शर्मा के नेतृत्व में व्यापारियों ने दुकानें बंद रखकर ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था का विरोध किया। व्यापार मंडल के महासचिव कमलेश शर्मा ने बताया कि वन-वे लागू होने के बाद क्षेत्र में ग्राहकों की आवाजाही काफी कम हो गई है। इसका सीधा असर व्यापार पर पड़ रहा है। त्योहार के सीजन में कारोबार पर असर महामंत्री महावीर शर्मा का कहना है कि त्योहार के समय बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन वन-वे व्यवस्था के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। व्यापारियों ने व्यवस्था में बदलाव की मांग करते हुए ज्ञापन देने और विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। बड़ी चौपड़ पर प्रदर्शन की तैयारी दुकानें बंद रखने के बाद व्यापारी बड़ी चौपड़ की ओर रवाना हुए। यहां वन-वे व्यवस्था के खिलाफ ज्ञापन देकर अपनी समस्याएं प्रशासन के सामने रखी जाएंगी। व्यापारियों की मांग है कि ऐसी यातायात व्यवस्था बनाई जाए, जिससे ट्रैफिक संचालन के साथ बाजार में ग्राहकों की आवाजाही और व्यापार भी प्रभावित नहीं हो।