जैसलमेर नगर परिषद के अध्यक्ष पद के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी की तरफ से अरुण कुमार और विजय डांगरा ने उम्मीदवारी पेश की है, जबकि इंडियन नेशनल कांग्रेस की ओर से निर्मल पुरोहित और अशोक सिंह ने अपने नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए हैं। रिटर्निंग अधिकारी और एसडीएम वीरेन्द्र सिंह के समक्ष 4 नामांकन पेश किए गए। यहां सभापति के लिए भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला तय माना जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार-अध्यक्ष पद के लिए आए इन सभी चार नामांकन पत्रों की गुरुवार, 17 सितंबर को सुबह 11 बजे से बारीकी से जांच की जाएगी, जिसके बाद आगे की चुनावी तस्वीर साफ होगी। उपाध्यक्ष पद का चुनाव कार्यक्रम नगर परिषद के उपाध्यक्ष पद के लिए मंगलवार, 22 सितंबर को सुबह 10 बजे नवनिर्वाचित पार्षदों की बैठक शुरू होगी। इसी दिन सुबह 11 बजे तक नामांकन प्रस्तुत किए जा सकेंगे, जिनकी जांच 11:30 बजे से होगी और दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। अगर जरूरत पड़ी, तो उपाध्यक्ष पद के लिए मतदान इसी दिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक कराया जाएगा, जिसके तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।