भास्कर न्यूज| जैसलमेर स्वर्णनगरी में भाद्रपद माह के दौरान मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मानसून की बेरुखी के चलते सीमांत जिले में गर्मी और उमस ने एक बार फिर तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को शहर का अधिकतम तापमान 38.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन चढ़ने के साथ ही आसमान से बरसती चिलचिलाती धूप ने आमजन को बेहाल कर दिया। सुबह से ही सूर्य की तीखी किरणों के कारण तेज गर्मी का अहसास होने लगा। धूप के चलते दोपहर के समय बाजारों और प्रमुख मार्गों पर आवाजाही बेहद कम रही और सन्नाटा पसरा नजर आया। उमस भरी भीषण गर्मी के कारण घरों व दफ्तरों में पंखे और कूलर भी राहत नहीं दे पा रहे हैं। लोग पसीने से तरबतर होकर छांव और ठंडे पेय पदार्थों का सहारा लेते दिखे। लंबे अरसे से बारिश का दौर थमा होने के कारण ग्रामीण अंचल में खरीफ की फसलों पर संकट गहरा गया है। बारिश की उम्मीद में बोई गई ग्वार, मूंग, मोठ और बाजरे की फसलें नमी के अभाव व तेज धूप की मार से खेतों में ही मुरझाने और सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं। आगामी दिनों में भी मौसम साफ रहने और बारिश की कोई संभावना न होने से अन्नदाताओं की चिंताएं बढ़ गई हैं।