जैसलमेर में इन दिनों मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। सुबह और देर रात के समय हल्की ठंडक का असर बढ़ गया है। वहीं दोपहर होते ही तीखी धूप लोगों के पसीने छुड़ा रही है। दिन और रात के पारे में करीब 15 डिग्री सेल्सियस का अंतर दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और हवा की दिशा बदलने से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आएगी। अगले एक सप्ताह में सुबह-शाम की ठंड और अधिक रंग दिखाएगी, जबकि दोपहर की उमस में राहत मिलने की संभावना है। दिन और रात के पारे में 15 डिग्री का अंतर मौसम विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 22.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है। पारे में आए इस बड़े उछाल और गिरावट के कारण स्वास्थ्य पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। चिकित्सकों ने इस बदलते मौसम में विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। सुबह गर्म कपड़ों का सहारा, दोपहर में कूलर-पंखे चालू सुबह की शुरुआत हल्की ठंडी हवाओं के साथ हो रही है। हालांकि सुबह की यह राहत ज्यादा देर नहीं टिक पाती। सुबह 11 बजे के बाद सूर्यदेव के तेवर तल्ख हो जाते हैं और तेज धूप के कारण दोपहर में उमस व गर्मी का अहसास फिर से बढ़ जाता है। दोपहर में गर्मी से राहत पाने के लिए लोग अभी भी पंखे और कूलर का इस्तेमाल कर रहे हैं। आगे कैसा रहेगा मौसम मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वातावरण में आ रहे इस लगातार उतार-चढ़ाव का मुख्य कारण मौसम में तेजी से हो रहा बदलाव है। उत्तरी-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से आने वाले दिनों में रात के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे नवंबर की शुरुआत के साथ ही गुलाबी ठंड का असर और गहरा जाएगा तथा दोपहर की तीखी धूप से भी धीरे-धीरे राहत मिलने लगेगी।