जालोर के बागरा थाना पुलिस ने लुटेरी दुल्हन से जुड़े प्रकरण में कार्रवाई करते हुए मास्टरमाइंड समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को गुजरात के अलग-अलग स्थानों से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया। चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार, सियाणा निवासी अर्जुनसिंह पुत्र भवाराम पुरोहित ने बागरा थाने में रिपोर्ट पेश की थी। इस पर पुलिस ने 26 अगस्त 2026 को बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश की और उनके मोबाइल नंबरों की लोकेशन के आधार पर संभावित ठिकानों पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी मीठालाल (56)निवासी डीसा, बनासकांठा, गुजरात को 28 सितंबर को डीसा से और मनोज कुमार पंडया (53)निवासी मेहसाणा, गुजरात के मेहसाणा से दस्तयाब किया। वहीं प्रकरण में शामिल मनीशाबेन (27) और सुमनबेन (54) निवासी वटवा, को 2 अक्टूबर को अहमदाबाद के वटवा से डिटेन किया गया। पूछताछ के बाद चारों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। कार्रवाई एएसपी मोटाराम गोदारा के निर्देशन, वृत्ताधिकारी जालोर गौतम जैन के सुपरविजन और बागरा थानाधिकारी मोहनलाल गर्ग के नेतृत्व में गठित टीम ने की। टीम में सुनील कुमार गुर्जर, वारिंगाराम, आसुसिंह, प्यारी, छत्रपाल और तकनीकी सहयोग के लिए किशन गहलोत शामिल रहे।