जालोर नगर परिषद के नव निर्वाचित सभापति बंशीलाल माली ने गुरुवार सुबह करीब 11 बजे पदभार ग्रहण किया। इसके साथ ही जालोर नगर परिषद में 12 साल बाद कांग्रेस का सभापति बना है। पदभार ग्रहण करने से पहले माली ने श्रीगणेश, मां लक्ष्मी, ठाकुरजी और पीर शांतिनाथ महाराज की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे सभापति कार्यालय पहुंचे और औपचारिक रूप से जिम्मेदारी संभाली। पदभार ग्रहण के मौके पर नगर परिषद परिसर में जनसभा का आयोजन भी किया गया। इसमें कांग्रेस नेताओं, पार्षदों और शहरवासियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कांग्रेस नेता पुखराज पाराशर, जुल्फिकार अली भुट्टो, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रमिला मेघवाल सहित पार्टी के पार्षद, अन्य नेता और शहरवासी मौजूद रहे। 21 सितंबर को हुआ था सभापति का चुनाव, जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी बंशीलाल माली ने भाजपा के जयसिंह को 6 मतों से हराया था। माली को 23 और जयसिंह को 17 वोट मिले थे। चुनाव परिणाम के तीन दिन बाद गुरुवार को माली नगर परिषद पहुंचे और पदभार ग्रहण कर सभापति की जिम्मेदारी संभाली। शाम को जालोर शहर में सभापति समेंत सभी कांग्रेस के पार्षदों का जुलूस निकाला गया। इस जुलूस कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन से रवाना होकर राजेन्द्र नगर, बाईपास, देव नारायण सर्कल, सुरज पोल, मैन बाजार, बागोड़ा रोड़ व वन-वे रोड़ होते हुए फिर राजीव गांधी भवन पहुंचा। जहां जनसभा का आयोजन किया गया।