जालोर में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF)और स्थानीय पुलिस ने रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन के पास से 160 ग्राम एमडीएमए बरामद की है। टीम ने झारखंड निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी मोहम्मद अबू ताहिर (31) और पीरू शेख (33) साहेबगंज जिले (झारखंड) के दक्षिण पलसगाछी गांव के रहने वाले हैं। दोनों रिश्तेदार हैं। पुलिस के मुताबिक- एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति अवैध नशा लेकर रानीवाड़ा रेलवे स्टेशन की ओर जा रहे हैं। एएनटीएफ ने स्थानीय पुलिस से कॉन्टैक्ट किया। इसके बाद संयुक्त टीम ने रेलवे स्टेशन से पहले निगरानी शुरू की। इस दौरान संदिग्ध दोनों व्यक्ति दिखाई दिए, जिन्हें घेराबंदी कर डिटेन किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 160 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। 30 हजार रुपए किराये पर लाते थे नशे की खेप जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी झारखंड में खेती करते हैं। मौसमी रोजगार के लिए वे मुंबई जाते थे। आम के सीजन में दो से तीन महीने तक आम बेचने और मछली के सीजन में टोकरियों में मछली लेकर गलियों में बेचने का काम करते थे। इसी दौरान वे एमडीएमए का सेवन करने लगे। आरोपियों के अनुसार उनके गांव के एक परिचित ने उन्हें नशा करना सिखाया। इसने के बाद राजस्थान से एमडीएमए लाने के लिए दोनों को भेजने लगा। इसके बदले दोनों को कुल 30 हजार रुपए किराए के रूप में मिलते थे। आरोपियों ने पहले भी राजस्थान से एमडीएमए ले जाने की बात स्वीकार की है। सप्लायर से सीधा संपर्क कर शुरू किया कारोबार पुलिस के अनुसार, राजस्थान से मादक पदार्थ लाने के दौरान दोनों का सांचौर के सप्लायर से सीधा संपर्क हो गया। इसके बाद पिछले दो-तीन महीनों से वे झारखंड के तस्कर से अलग होकर सीधे सांचौर से एमडीएमए खरीदने लगे। वे मुंबई में खुद नशा करने के साथ अपने परिचितों को भी नशा बेचने लगे। मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मादक पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।